पोर्ट ऑफ स्पेन: विराट कोहली ने किया कमाल
7:05 pm
पोर्ट ऑफ स्पेन: विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी शानदार 81 रन की पारी से ना सिर्फ टीम इंडिया को वेस्ट इंडीज के खिलाफ 7 विकेट से जीत दिलाई, बल्कि एक अनोखा रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया।
दिल्ली के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली वनडे में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। कोहली ने अपनी 53वीं पारी में करियर के 2000 रन पूरे कर लिए। इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व कोच ग्रेग चैपल और वेस्ट इंडीज के धाकड़ बल्लेबाज ब्रायन लारा को पछाड़ दिया है।
ब्रायन लारा और ग्रेग चैपल ने करियर के 2000 वनडे रन पूरा करने में 54 पारियां लगाई थीं। जबकि कोहली ने एक पारी कम (53) में ये काम कर दिखाया।
भारत के लिए सबसे तेज 2000 वनडे रन पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और नवजोत सिंह सिद्धु ने बनाए थे। दोनों बल्लेबाजों ने 52 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे। गांगुली का 2000वां वनडे रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 1998 को कानपुर में खेले गए वनडे में पूरा किया था।
वनडे इतिहास में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने का रिकार्ड दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला के नाम है। अमला ने इसी साल भारत के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ वनडे में अपनी 40वीं पारी में 2000 रन पूरे किए थे।

