भारत ने की बढ़त हासिल
7:05 pm
पोर्ट ऑफ स्पेन:
टीम इंडिया ने वर्षा बाधित मुकाबले में मेजबान वेस्ट इंडीज को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है। मैच के हीरो विराट कोहली रहे, लेकिन कोहली महज 38 बनाकर आउट हो गए होते यदि डैरेन सैमी ने उन्हें जीवनदान नहीं दिया होता।
डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार बदले गए 183 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम इंडिया ने मैच के 16वें ओवर तक एक विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद थेकोहली अपने पूरे फॉर्म में थे और 55 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों की मदद से 37 रन बना चुके थे। 17वें ओवर में कप्तान सैमी ने गेंद देवेंद्र बिशु को थमायी। बिशु ने ओवर की तीसरी गेंद पर कोहली को छकाने में सफलता हासिल की और गेंद कोहली के बल्ले का किनारा लेकर कप्तान डैरेन सैमी के पास चली गई। लेकिन पहली स्लिप पर खड़े सैमी ने ये मौका गंवा दिया और कोहली को एक बड़ा जीवनदान दे दिया। ये मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।यदि सैमी वो कैच लपक लेते तो 37 ओवरों में 183 रन का लक्ष्य मुश्किल हो जाता। कोहली ने इस मौके को खूब भुनाया और 6 चौके व 1 छक्के की मदद से 81 रन की पारी खेली। हालांकि 31वें ओवर में बिशु ने ही कोहली को आउट किया, लेकिन तब तक सबकुछ समाप्त हो चुका था।टीम इंडिया ने 183 रन के लक्ष्य को 33.4 ओवर में ही हासिल कर लिया और मेजबान को सात विकेट की करारी शिकस्त दी।
