छत्तीसगढ़ में पीएमटी का पर्चा लीक, परीक्षा रद्द

रायपुर,आँखों देखी संवाददाता : छत्तीसगढ़ के चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित प्री मेडिकल टेस्ट [पीएमटी] की परीक्षा पर्चे लीक होने के कारण रद्द कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में राज्य के रायपुर और बिलासपुर जिले से करीब दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

परीक्षा आयोजित करने वाले छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल [व्यापम] के परीक्षा नियंत्रक बीपी त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि आज आयोजित पीएमटी की परीक्षा के पर्चे लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई है। जल्द ही परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि व्यावसायिक परीक्षा मंडल को शनिवार देर रात पर्चे लीक होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर दर्जन भर युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। व्यापम द्वारा आज सुबह परीक्षा की शुरूआत की गई और पुलिस द्वारा जब्त पर्चे से परीक्षा के प्रश्नपत्र का मिलान कराया गया। पर्चे के मिलान की पुष्टि होने के बाद पीएमटी की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जाच कर रही है तथा दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभी जाच के शुरूवाती दौर में जानकारी मिली है कि इस मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है। वहीं व्यापम को शक है कि गिरोह के सदस्यों ने कर्मचारियों या अधिकारियों से मिलीभगत कर रास्ते या ट्रेजरी से पीएमटी के पर्चे को निकाल लिया है। इधर रायपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि पुलिस को शनिवार देर रात पीएमटी के पर्चे लीक होने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद रायपुर और बिलासपुर जिले के ठिकानों में छापा मारा गया। जहा से लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पीएमटी का पर्चा लीक कराने के मामले में गिरफ्तार लोगों में से कुछ डेंटल और मेडिकल कालेज के छात्र भी शामिल हैं।

सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि बिलासपुर जिले के तखतपुर कस्बे में कुछ लोग आज होने वाली परीक्षा की तैयारी करा रहे हैं। सूचना के आधार पर जब कल रात एक घर में छापा मारा गया तब वहा लगभग 80 छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारी कर रहे थे तथा कुछ युवक उन्हें आज होने वाली परीक्षा में आने वाले सवाल और उत्तर के बारे में बता रहे थे। इसके बाद युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा छात्र-छात्राओं से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह परीक्षा के दौरान जब जब्त पर्चे का मिलान किया तो नतीजे चौकाने वाले थे। परीक्षा में पूछे गए प्रश्न सौ फीसदी मिल रहे थे तथा सेट और क्रमाक संख्या भी एक ही थे। इसके बाद व्यापम ने परीक्षा रद्द करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि इसके पीछे एक अंतरराज्ईय गिरोह काम कर रहा है कि जो 10 से 12 लाख रुपये में पर्चे बेच रहा है। गिरोह के तार दिल्ली, बिहार और उत्तरप्रदेश से जुड़े हुए हैं। पुलिस क्षेत्र में लगातार छापे की कार्रवाई कर रही है।

सिंह ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है जबकि मामले का मुख्य सरगना संतोष उर्फ संजय फरार है।

छत्तीसगढ़ के मेडिकल कालेजों में प्रवेश के लिए होने वाली पीएमटी की परीक्षा लगातार विवादों से घिरी हुई है। इससे पहले यह परीक्षा इस वर्ष 11 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन दो दिनों बाद जब यह जानकारी मिली कि पेपर सेट करने वाली एजेंसी ने उत्तरप्रदेश पीएससी में पूछे गए प्रश्नों को छत्तीसगढ़ पीएमटी की परीक्षा में शामिल कर लिया है तब परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

इसके बाद, आज 19 जून को परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया गया था। आज पीएमटी के पर्चे लीक होने और परीक्षा रद्द होने के बाद अब यहा 20 हजार छात्रों का भविष्य दाव पर लग गया है।

राज्य में सीआईडी पीएमटी की परीक्षा में परीक्षार्थी के बदले अन्य व्यक्ति द्वारा परीक्षा देने के मामले की भी जाच कर रही है। इस मामले में पिछले दिनों सीआईडी ने आधा दर्जन मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी जाच जारी है।

Posted by गजेन्द्र सिंह at 1:47 pm.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने सीएजी विनोद राय की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राय राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण सीएजी की रिपोर्ट लीक कर रहे हैं। रविवार को इंदौर में उन्होंने ये बात कही।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि क्षेत्रीय फिल्मों को सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस वजह से वो ऐसी फिल्मों में काम के बदले पैसा नहीं लेते। अमिताभ इन दिनों 'गंगा देवी' भोजपुरी फिल्म में काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 353 रनों पर सिमटी।

रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंचे।

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh