मुंबई : समुद्री लुटेरों के चंगुल से छूटे भारतीय जहाज का ईधन खत्म
1:53 pm
मुंबई, आँखों देखी संवाददाता : सोमालियाई समुद्री लुटेरों के चंगुल से छूटे भारतीय नाविकों के परिजनों का अपने प्रियजनों से मिलने का इंतजार बढ़ सकता है। खबर है कि छह भारतीयों सहित चालक दल के 22 सदस्यों को लेकर लौट रहे मिस्र के मालवाहक जहाज एमवी स्वेज का ईंधन खत्म हो गया है। जहाज अभी ओमान तट के करीब है।
भारतीय नौवहन निदेशालय [डीजीएस] ने शनिवार को यहां बताया कि ओमान के सलाला बंदरगाह की ओर जा रहा जहाज ईंधन खत्म होने से बीच समुद्र में ही अटक गया है। जहाज के मालिकों ने डीजीएस से करीब 15 टन ईंधन की आपूर्ति के लिए अनुरोध किया था। डीजीएस ने कहा, 'खराब मौसम के कारण बीच समुद्र में ईंधन भर पाना संभव नहीं है। जहाज के मालिकों को सलाह दी गई है कि वे सलाला बंदरगाह से आपातकालीन टगबोट [जहाजों को खींचने वाला जहाज] की मदद ले सकते हैं।' दस महीने पहले अदन की खाड़ी में अगवा इस जहाज पर छह भारतीयों के अलावा 11 मिस्र, चार पाकिस्तानी और एक श्रीलंकाई नागरिक सवार है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अब ये लोग पहले सलाला बंदरगाह पर उतरेंगे। इसके बाद वहां से मस्कट जाकर अपने देश के लिए उड़ान भरेंगे।

