मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी अंकों के फेर में
11:01 pm
क्रिकेट प्रेमियों से भगवान का दर्जा पा चुके मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी अंकों के फेर में पड़ गए हैं.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भले ही अपनी बहुचर्चित फेरारी बेचकर नयी लग्जरी कार निसान खरीदी हो लेकिन वह अपने लक्की नंबर का सौदा नहीं कर सके और पुराना नंबर प्लेट अपने पास ही रखा.
मैदान पर अपने अद्भुत प्रदर्शन के धनी सचिन निजी जिंदगी में शुभ संकेतों और लक्की नंबर के फायदे मानने वाले आम आदमी ही हैं.
सत्य सांई बाबा के परमभक्त लिटिल चैंपियन सचिन भी अंक के करिश्मे में खासा विश्वास रखते हैं. सचिन की पुरानी लाल फेरारी का नंबर एमएच 01 एडी 9999 था.
सत्य सांई बाबा भी नौ को अद्भुत अंक मानते थे. इसे चाहे कितनी ही बार आपस में गुणा किया जाये, जोड़कर गुणनफल नौ ही आता है.
सचिन भी सत्य सांई बाबा की तरह नौ को शुभ और अति महत्वपूर्ण अंक मानते हैं. इत्तिफाक से सचिन की दोनों कारों का रंग भी लाल है.
सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एएस कैरू ला ने बताया कि सचिन ने अपना पुराने नंबर प्लेट अपने पास रखने के लिए बतौर फीस 50 हजार रूपये का भुगतान किया है. वह अपनी नयी लग्जरी कार निसान जीटी आर का यही वीआईपी नंबर रखना चाहते हैं.
उन्होंने बताया कि सचिन अगर नयी कार में भी यही नंबर प्लेट इस्तेमाल करना चाहते हैं तो उन्हें 30 दिनों के अंदर उसका पंजीकरण कराना होगा.
कैरू ला ने कहा कि सचिन की फेरारी खरीदने वाले सूरत के जयेश कुमार बटुकराय देसाई को इस बाबत अनापत्ति प्रमाणपत्र देना होगा कि सचिन पुराने नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर सकते हैं. जयेश को नया नंबर दिया जा चुका है.

