आगरा : राजबब्बर और जयंत गिरफ्तार
7:32 pm
आगरा, आँखों देखी संवाददाता : फतेहपुर सीकरी स्थित कौरई गांव में चौहरे हत्याकांड और बवाल के बाद शुक्रवार को माहौल एक बार फिर गर्मा गया। वहां जाने का प्रयास करने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद राजबब्बर और उनके समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया।
राजबब्बर द्वारा दोबारा जाने की जिद करने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर मथुरा सीमा पर सांसद जयंत चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। परंतु उनके समर्थकों ने पुलिस की गिरफ्त से उन्हें छुड़ा लिया।
राजबब्बर आज सुबह कौरई गांव लिए निकले थे। लेकिन उनको करीब 20 किलोमीटर दूर पथौली पुलिस चौकी पर ही रोक दिया। यहां उनके समर्थकों ने जमकर विरोध जताते हुए नारेबाजी की। कुछ देर के लिए जनता ने धरना देकर रास्ता भी जाम कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसी तरह सांसद और उनके समर्थकों को मनाया। इसके बाद राजबब्बर ने जेल में बंद ग्रामीणों से मुलाकात की इच्छा जतायी तो अधिकारी उनको लेकर जिला जेल पहुंचे।
यहां जेल प्रशासन ने बगैर मुलाकात पर्ची के अंदर जाने से रोक दिया। इसके विरोध में यहां सांसद धरने पर बैठ गए। सांकेतिक धरने के बाद राजबब्बर यह कहते हुए उठ गए कि वह सीकरी दौरा करने जा रहे हैं, यह सुनकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ गए। बाद में आला अफसरों से फोन पर वार्ता के बाद सांसद राजबब्बर को हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस सांसद और उनके समर्थकों को पुलिस लाइन जे जाया गया। वहां प्रशासन की ओर से हत्याकांड के खुलासा तीन दिन में करने के आश्वासन के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
राजबब्बर को धरना देने का मामला चल ही रहा था कि रालोद सांसद जयंत चौधरी भी मथुरा से आगरा के लिए रवाना हो गए। परंतु आगरा सीमा स्थित रैपुरा जाट पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कार्रवाई से जयंत समर्थक नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस से धक्का-मुक्की की तो लाठीचार्ज भी हुआ परंतु रालोद कार्यकर्ता जयंत को छुड़ाकर ले जाने में सफल हो गए।
सीकरी की ओर बढ़ ने पर एक बार फिर पुलिस ने उन्हें रोका और इस बार अपनी गाड़ी में रुनकता ले आई। वहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई लेकिन यह असफल रही। आखिर में प्रशासन ने जयंत को फिर गिरफ्तार कर लिया और उन्हें पुलिस लाइन ले आया गया। वहां उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा है। रैपुरा जाट पर हुए लाठीचार्ज में एसीएम अनिल कुमार घायल हो गए हैं।

