वनडे सीरीज नहीं दिखेगी क्रिस गेल की विस्फोटक बल्लेबाजी
6:49 pm
आँखों देखी न्यूज़ : वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल की विस्फोटक बल्लेबाजी भारत के साथ खेले जाने वाले वनडे सीरीज के पांचवें और अंतिम मुकाबले में भी नहीं दिखेगी।
पांचवें वनडे के लिए घोषित 13 सदस्यीय टीम में गेल एक बार फिर जगह बनाने में असफल रहे हैं। सीरीज का पांचवां और आखिरी वनडे मुकाबला गुरुवार को जमैका में खेला जाएगा।
दूसरी ओर पांचवें मुकाबले के लिए वेस्ट इंडीज की टीम में सलामी बल्लेबाज एड्रियन बाराथ और तेज गेंदबाज रवि रामपॉल की वापसी हुई है। पांच वनडे मैचों की सीरीज में वेस्ट इंडीज 1-3 से पीछे है।
'त्रिनिदाद एक्सप्रेस' के अनुसार बाराथ की टीम में लगभग चार महीने बाद वापसी हुई है। इससे पहले बाराथ मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे थे, जबकि रामपॉल को आराम दिया गया था।
बाराथ को डैन्जा हयात की जगह टीम में शामिल किया गया है, वहीं किर्क एडवडर्स की जगह रामपॉल लेंगे। इससे पहले भारत के साथ खेले गए एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच और चार एकदिवसीय मुकाबले से भी गेल को टीम से बाहर रख गया था।
उल्लेखनीय है कि गेल ने हाल में एक रेडियो चैनल पर बोर्ड के खिलाफ विवादास्पद बयान दिए थे। गेल का कहना था कि पाकिस्तान के साथ खेली गई सीरीज में सिलेक्टर्स ने उनकी अनदेखी की और इसके अलावा जब वह चोट से परेशान थे तो बोर्ड ने उन्हें अकेला छोड़ दिया था।
इसके बाद गेल को बोर्ड और टीम प्रबंधन से मुलाकात करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन अब तक दोनों के बीच बातचीत नहीं हो पाई है।
वेस्ट इंडीज की 13 सदस्यीय टीम इस प्रकार है : डेरेन सैमी (कप्तान), कार्ल्टन बग, देवेंद्र बिशु, डेरेन ब्रावो, एड्रियन बाराथ, रवि रामपॉल, एंथनी मार्टिन, केरन पोलार्ड, केमर रोच, आंद्रे रसेल, मार्लन सैमुएल्स, रामनरेश सरवन और लेंडल सिमंस

