मुम्बई : नौ घंटे की पूछताछ के बाद अनुष्का रिहा
मनोरंजन 3:52 pm
मुंबई,आँखों देखी संवाददाता : हवाई अड्डे पर पूछताछ के लिए रोकी गई अदाकारा अनुष्का शर्मा को सीमा शुल्क अधिकारियों ने नौ घंटे की पूछताछ के बाद मंगलवार को जाने दिया।
सीमा शुल्क आयुक्त पीएम गोवांदे ने बताया कि अनुष्का टोरंटो में आइफा अवार्ड में भाग ले कर कल लौटीं। उनसे कल दोपहर ढाई बजे मुंबई पहुंचने के बाद से नौ घंटे तक पूछताछ की गई और फिर उन्हें जाने दिया गया। उनका बयान दर्ज कर लिया गया है और आगे भी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क के अधिकारियों ने अनुष्का द्वारा दिए गए दस्तावेजों से इसका मिलान कराया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि यह सामान वह भारत से ले गई थीं।
23 वर्षीय अभिनेत्री ने दावा किया कि जब वह विदेश जा रहीं थी तो वह गहने साथ ले गई थीं। उन्होंने कहा था कि इसकी घोषणा वह पहले ही कर चुकी हैं इस वजह से इस पर कस्टम ड्यूटी नहीं बनती है। कल जब वह ग्रीन चैनल से गुजर रही थी तो कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया था।

