मुम्बई : आयकर विभाग कर सकता है अनुष्का से पूछताछ
12:16 pm
मुंबई, आँखों देखी न्यूज़ : आयकर विभाग के अधिकारी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से उनके पास मिले 45 लाख रुपये गहने के बारे में पूछताछ कर सकते हैं। इससे पहले कस्टम विभाग के अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को अनुष्का से कई घंटों तक कड़ी पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
23 वर्षीय अभिनेत्री अनुष्का टोरंटो में आयोजित आइफा अवार्ड समारोह में भाग लेने के बाद मुंबई पहुंचीं। जब वह ग्रीन चैनल से गुजर रही थी, तब कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोका। जब उनके बैग की जांच की गई तो उसमें सोने एवं हीरे जड़ित जेवर बरामद हुए, जिनकी कीमत 45 लाख रुपए बताई जाती है।
अनुष्का के पास से 9 लाख रुपए कीमत की दो अंगूठियां बरामद होने की बात कही गई है। एयरपोर्ट के कस्टम आयुक्त प्रमोद गोवंडे के अनुसार अनुष्का ने दावा किया है कि जब वह विदेश जा रही थीं तो इन जेवरों को साथ ले गई थीं। इसकी घोषणा वह पहले कर चुकी हैं। इस वजह से इन पर कस्टम डच्यूटी नहीं बनती।
अनुष्का द्वारा दी गई जानकारी की तफ्तीश के लिए संबंधित ज्वेलर को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया।
बैंड बाजा बारात– फिल्म के लिए अनुष्का को आइफा के बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड से नवाजा गया है। इस बीच अनुष्का के प्रवक्ता ने बताया कि जो जेवर उनके साथ थे, वह उन्हें कई ब्रांड्स ने मुहैया कराए थे।
उन्हें कुछ कागजी कार्यवाही के लिए कस्टम ने रोका था। संबंधित ब्रांड्स जेवरों के मालिकाना हक के संबंध में अपना दावा पेश कर कस्टम्स से उन्हें हासिल कर लेंगे। यह अभिनेत्री का व्यक्तिगत सामान नहीं है।
पहला नहीं है मामला
26 मई को बिपासा बसु को करीब 65 हजार रुपए की वस्तुओं के साथ हिरासत में लिया गया था। एक घंटे पूछताछ और 12 हजार रुपए टैक्स वसूलने के बाद ही कस्टम विभाग ने जाने दिया था।
मई में ही मिनिषा लांबा को करीब 50 लाख रुपए की अघोषित ज्वैलरी के साथ पकड़ा था। 16 घंटे तक उनसे पूछताछ की गई थी। मिनिषा ने ज्वैलरी मुंबई के एक ज्वेलर्स के होने की बात कही थी।
7 जून को मल्लिका शेरावत के भाई विक्रम लाम्बा को मुंबई एयरपोर्ट पर निर्धारित सीमा से अधिक विदेशी मुद्रा और लाखों रुपए कीमत के सामान के साथ पकड़ा गया था। कस्टम विभाग ने विक्रम के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत मामला दर्ज किया था।

