मेरठ :जिप्सी की टक्कर से बच्ची की मौत
8:36 pm
इंचौली , आँखों देखी संवाददाता ; मेरठ-मवाना मार्ग पर सोमवार रात्रि जिप्सी की टक्कर से एक बच्ची की मौत हो गई। उधर, ट्रक की टक्कर से घोड़ा-बुग्गी सवार पिता-पुत्र घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव पबला निवासी रियासत अली की पत्नी सोमवार देर शाम गांव बना स्थित अपने मायके से लौट रही थी। इंचौली चौपले पर बस से उतर कर वह बच्चों के साथ जैसे ही सड़क पार कर रही थी तभी विपरीत दिशा से आई जिप्सी ने उसकी आठ वर्षीय पुत्री सोफिया को टक्कर मार दी।
जिप्सी में हस्तिनापुर निवासी एक परिवार था। दुर्घटना के पश्चात जिप्सी सवार लोग घायल बालिका को मेरठ स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गये लेकिन उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। मृत बालिका के पिता द्वारा जिप्सी चालक के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने कब्जे में ली जिप्सी व उसके चालक को छोड़ दिया।
उधर, सोमवार देर रात्रि जलालपुर निवासी संगत सैनी व उसका पुत्र रवि मेरठ मंडी में सब्जी छोड़ घोड़ा-बुग्गी से लौट रहे थे। मवाना रोड पर जेपी एकेडमी के सामने विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक चालक ने बुग्गी में टक्कर मार दी जिससे बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल पिता-पुत्र को लोगों ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना के पश्चात चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घायल संगत के भाई संतरपाल ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

