कराची में हिंसा,11 की मौत
5:36 pm
कराची, पीपीपी के एक बड़े नेता की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में फिर हिंसा भड़क गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान हिंसा में 11 लोग मारे गए और कई घायल हो गए।
कल शुरू हिंसा के इस नए दौरे के पीछे दो घटनाएं जिम्मेदार हैं। देश की सरकारी विमानन कंपनी पीआईए में कामगार संगठन के प्रमुख एवं सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के वरिष्ठ नेता आमिर शाह और उनके एक दोस्त को गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में गोलियों से भून दिया गया। इसके बाद हिंसा और भड़क उठी।
इस घटना के ठीक बाद कराची अमन समिति द्वारा निकाली गई एक रैली पर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलियां चलाई। इस घटना में कम से कम सात लोग जख्मी हो गए।
गोलीबारी की घटना के बाद समिति के समर्थकों ने मौरीपुर सड़क को जाम कर दिया, जिससे कंटेनर और भारी ट्रकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो गई। सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और दुकानों में आग लगा दी।
बाद में यह हिंसा अन्य इलाकों में फैल गई और हिंसा प्रभावित बल्दिया शहर में तीन लोगों की मौत सहित विभिन्न इलाकों में देर रात तक हुई गोलीबारी में कम से कम नौ और लोगों के मरने की खबरें मिली हैं।

