पिकनिक हादसा : 40 घटे बाद मिला तीसरा शव
रोचक खबर 6:56 pm
इंदौर, आंखो देखी न्यूज़ : मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पिकनिक मनाने के दौरान रविवार को झरने में डूबे तीनों लोगों के शव बरामद हो गए हैं। हादसे के शिकार लोगों में शामिल 22 वर्षीय युवती का शव मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लगभग 40 घटों की कड़ी मशक्कत के बाद यहा से करीब 50 किलोमीटर दूर पिकनिक स्थल पातालपानी के झरने से मुदिता राठी [22] का फूला हुआ शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि करीब 60 लोगों का दल युवती के शव की तलाश कर रहा था, जिसमें गोताखोर, फायर ब्रिगेड कर्मी और स्थानीय ग्रामीण शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक मुदिता उन तीन लोगों में से एक है, जो रविवार को पातालपानी के झरने के ऊपरी हिस्से में पिकनिक मनाने के दौरान त्रासद हादसे का शिकार होकर मारे गए।
आस-पास के इलाकों में बारिश के कारण झरने के ऊपरी हिस्से में जलप्रवाह अचानक बढ़ गया। इन लोगों को तेज लहरें अपने साथ बहा ले गईं और वे सैकड़ों फुट गहरी खाई में गिरकर झरने में डूब गए।
मुदिता के पिता चंद्रशेखर राठी [50] और उसकी सहेली छवि धूत [22] भी हादसे के शिकार हुए थे। दोनों के शव पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।

