लखनऊ : बाराबंकी जिले में खसरे के टीके से शिशु की मौत
6:05 pm
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में खसरे के टीके से एक शिशु की मौत और दो की हालत गम्भीर है.
लखनऊ के छत्रपति शाहूजी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय (सीएसएमएमयू) में गुरुवार को शिवनाथ की मौत हो गई जबकि दो अन्य का गम्भीर हालत में उपचार चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने उप-मुख्य चिकित्साधिकारी सहित दो अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है.
बाराबंकी के अवधपुर गांव में नियमित टीकाकरण के तहत करीब 10 महीने के इन तीनों शिशुओं को खसरे का टीका लगाये जाने के एक दिन बाद गुरुवार को हालत बिगड़ने पर इन्हें सीएसएमएमयू में भर्ती कराया गया था.
बाराबंकी के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ए.के.चौधरी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि ऐसा लग रहा है कि टीकाकरण में लापरवाही बरती गई. वैक्सीन घोलने के बाद अधिकतम चार घंटे के भीतर बच्चों में इसे लग जानी चाहिए लेकिन यहां ऐसा नहीं हुआ.
चौधरी ने कहा कि मामले को गम्भीरता से लेते हुए टीकाकरण में शामिल एएनएम नलिनी को निलम्बित कर उप मुख्य चिकित्साधिकारी आर. चंदानी और चिकित्सक अरविंद यादव के खिलाफ विभागीय कारवाई की संस्तुति की गई है.
मृत शिशु के पिता की तरफ से चिकित्सक यादव और एएनएम नलिनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा भी दर्ज कराया गया है.

