फिल्मों को सफल बनाने का मेरे पास कोई जादू नहीं: आमिर
4:49 pm
मुंबई। दिग्गज अभिनेता आमिर खान का मानना है कि उनके पास किसी फिल्म को सफल बनाने का कोई जादू नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अच्छी पटकथाओं का समर्थन करते हैं और यही बात बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्मों की सफलता का कारण है। आमिर खान प्रोडक्शन्स की फिल्म देल्ही बैली आज बड़े पर्दे पर उतरेगी।
आमिर ने कहा, मुझे नहीं लगता कि मेरे पास कोई जादू है या मैं किसी फिल्म की सफलता का एकमात्र कारण हूं। हर वह फिल्म, जिसे आप देखते हैं और जो सफल होती है, वह सबसे पहले लेखक के दिमाग में पैदा होती है जिससे मेरा कोई संबंध नहीं है और मैंने उन्हें कोई विचार नहीं दिया है।
उन्होंने कहा, अगर यह बेहतरीन पटकथाएं मेरे पास नहीं आई होतीं तो मैं इनका हिस्सा नहीं होता। इसलिए मुझे लगता है कि हमें जरूर महसूस करना चाहिए कि इन लेखकों का काफी योगदान होता है। हर फिल्म की सफलता के लिए निर्देशक के साथ उन रचनात्मकप्रतिभाओं को भी श्रेय जाता है जो अपना योगदान देते हैं।
हाल के समय में आमिर खान की फिल्मों पीपली लाइव थ्री इडियट्स गजनी और तारे जमीं पर ने बॉक्स ऑफिस पर खूब सराहना बटोरी। इन फिल्मों से आमिर बतौर अभिनेता, निर्माता या निर्देशक जुड़े थे।
आमिर ने कहा कि सुपरहिट फिल्म लगान आशुतोष गोवारीकर के दिमाग की देन है और उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी थी। उन्होंने कहा, जब वह मेरे पास आए तो उनकी पटकथा पूरी हो चुकी थी और मेरा इससे कोई संबंध नहीं था। मुझे यह (पटकथा) बहुत पसंद आई। ऐसा ही पीपली लाइव के साथ हुआ जिसे अनुषा रिजवी ने लिखा है। तारे जमीं पर की पटकथा अमोल गुप्ते ने लिखी है।
आमिर ने कहा, रंग दे बसंती के मामले को देखिए, भगत सिंह के जीवन पर करीब चार बार फिल्म बन चुकी है और कोई भी इसे फिर से नहीं बनाना चाहता था। थ्री इडियट्स राजू हिरानी की फिल्म थी, आर माधवन, शर्मन जोशी तथा मैंने इसके लिए अपना-अपना योगदान दिया।
इस 46 वर्षीय कलाकार ने कहा, जो भी फिल्म सफल होती है, इसका श्रेय लेखक और निर्देशक को जाता है। दिलचस्प बात यह है कि देल्ही बैली फिल्म के निर्माता आमिर हैं और उन्होंने इसमें रेट्रो लुक के साथ एक आइटम नंबर किया है।

