ईशांत ने दिलाई टीम इंडिया को बढ़त
4:48 pm
ब्रिजटाउन [बारबाडोस]। ईशांत शर्मा के अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बारिश से प्रभावित दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन मेजबान वेस्टइंडीज की पारी को 190 रन पर समेट कर पहली पारी में बढ़त हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के साथ ही ईशांत ने टेस्ट करियर में विकेटों का पहला शतक भी लगा लिया।
बारिश आने के कारण तीसरे दिन जब चाय का विश्राम जब जल्दी लिया गया तो भारत ने 5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 20 रन बनाए थे। इससे बाद बारिश ने काफी देर तक खेल में बाधा डाली। आ गई लेकिन अंत में महज चार गेंद ही फेंकी जा सकी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय अभिनव मुकुंद आठ और मुरली विजय तीन रन पर खेल रहे थे। इस तरह से भारत की कुल बढ़त 31 रन की हो गई है। इससे पूर्व ईशांत ने 55 रन देकर छह विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 190 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। ईशांत का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 115 रन देकर पांच विकेट था जो उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ बेंगलूर में किया था। उनके अलावा अभिमन्यु मिथुन को दो जबकि प्रवीण कुमार और हरभजन सिंह को एक-एक विकेट मिला। वेस्टइंडीज की पारी का आकर्षण मर्लोन सैमुअल्स की नाबाद 78 रन की पारी रही। उन्होंने इसके लिए 172 गेंद खेली तथा आठ चौके लगाए। उन्होंने इस बीच शिवनारायण चंद्रपाल [37] के साथ छठे विकेट के लिए 37 ओवर में 77 रन और कप्तान डेरेन सैमी [15] के साथ आठवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की।
दूसरे दिन का अधिकतर खेल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद आज सुबह भी लगभग 35 मिनट बाद ही खेल शुरू हो पाया। वेस्टइंडीज ने सुबह पांच विकेट पर 98 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन चंद्रपाल और सैमुअल्स ने विपरीत परिस्थतियों के बावजूद धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और टीम की जरूरत को देखते हुए विकेट बचाए रखने को तरजीह दी। भारत को आखिर में दिन की पहली सफलता चंद्रपाल की गलती से मिली। मिथुन की राउंड द विकेट आकर की गई शार्ट पिच गेंद में अधिक उछाल नहीं थी लेकिन चंद्रपाल इसे पुल करने के उद्देश्य से बैकफुट पर चले गए। वह इसमें असफल रहे और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटों में समा गई। लंच के बाद हरभजन ने नए बल्लेबाज कार्लटन बॉ की स्पिन के खिलाफ कमजोरी का फायदा उठाया। हरभजन की गेंद पर उन्होंने ड्राइव करने की कोशिश लेकिन वह उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पहली स्लिप में खड़े राहुल द्रविड़ के पास पहुंच गई। द्रविड़ ने धौनी के करीब से निकली गेंद को अपने बाई तरफ कैच किया।
अपना 31वां टेस्ट मैच खेल रहे सैमुअल्स ने इसके बाद जल्द ही अपना 11वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया और फिर वह थोड़ा खुलकर भी खेलने लगे। सैमी ने भी कुछ देर तक उनका अच्छा साथ दिया। कैरेबियाई कप्तान को 13 रन के निजी योग पर सुरेश रैना ने जीवनदान दिया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और ईशांत की आगे पिच कराई गई गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। यह ईशांत का 100वां टेस्ट विकेट था। बीच में बारिश के कारण लगभग 20 मिनट तक खेल रुका रहा। तब वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर 189 रन था लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज की पारी तीन गेंद के अंदर सिमट गई। ईशांत ने अपना ओवर आगे जारी रखते हुए लगातार गेंद पर रवि रामपाल और फिदेल एडवर्ड्स [दोनों शून्य] को आउट करके भारत को बढ़त दिलाई। भारत किंग्सटन में पहला टेस्ट मैच 63 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है।

