गूगल को लगा बड़ा झटका
दुनिया 1:08 pm
टोरंटो। नॉर्टेल के करीब 6000 पेटेट अधिकारों को खरीदने के लिए अप्रैल में बोली लगाने वाली इंटरनेट सर्च इंजन कम्पनी गूगल अब इस दौड़ से बाहर हो गई है। नॉर्टेल के सभी 6000 पेटेट अधिकार साढे़ चार अरब डॉलर में एप्पल के नेतृत्व वाले संघ ने खरीद लिये हैं।
दरअसल नॉर्टेल के पेटेट अधिकारों को खरीदने के लिए बोली की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हुई थी। उस वक्त गूगल ने 90 करोड़ डॉलर की बोली लगाकर सबको चकित कर दिया था।
पेटेट अधिकार खरीदने वाली कम्पनियों में एप्पल के अलावा ब्लैकबेरी की निर्माता रिसर्च एन मोशन [आरआईएम], माइक्रोसॉफ्ट, एरिक्सन, सोनी और ईएमसी शामिल है। इन सभी ने मिलकर साढे़ चार अरब डॉलर की बोली लगाई है।
जानकारों के मुताबिक पेटेट अधिकारों का हासिल नहीं होना गूगल के लिए एक बड़ा झटका है। इन अधिकारों को हासिल कर वह अपना पेटेट बैंक मजबूत करना चाहती थी जो गूगल के पास प्रतियोगी कम्पनियों की तुलना में काफी कम है।
साथ ही गूगल 45 से अधिक पेटेट से जुड़े मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रही है और उसे ये पेटेट अधिकार मिल जाते तो इन मामलों में उसका पक्ष और मजबूत हो जाता।
दूसरी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नॉर्टेल द्वारा पेटेट करवाई गई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल ब्लैकबेरी, एप्पल के आईफोन और गूगल एंड्रोआयड में होता है। ब्लैकबेरी और एप्पल ने संयुक्त रूप से पेटेट अधिकार हासिल किए है। ऐसे में यह गूगल को उसके स्मार्टफोन एंड्रोआयड के लिए यह बड़ा झटका है।
इतिहास के अब तक की एक सबसे बड़ी नीलामी में गूगल ने 1.05 अरब डॉलर से बोली की शुरुआत की। बाद में यह गूगल बनाम एप्पल हो गया और कीमत दो अरब डॉलर को पार कर गई।
इस मौके पर एप्पल ने आरआईएम, माइक्रोसॉफ्ट और अन्य के साथ हाथ मिलाकर 4.5 अरब डॉलर में पेटेट अधिकार गूगल के हाथों से छीन लिया।
इस नीलमी के बाद एक समय दुनिया की एक बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनी रही नॉर्टेल का समापन हो गया। एक समय यह 250 अरब डॉलर की कम्पनी थी और उसमें 90 हजार लोग काम करते थे
