हत्या करने वाले व्यक्ति ने की खुदकुशी


आँखों देखी संवाददाता : नई दिल्ली के पहाड़ गंज क्षेत्र में हत्या करने वाले एक व्यक्ति ने पश्चाताप में खुदकुशी कर ली.

कुछ दिन पहले नई दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में मिली सिर कटी लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसका नाम रूप चंद (50) है. वह जेजे कॉलोनी घेवरा इलाके का रहने वाला है.

हत्या तीन लोगों ने मिलकर की थी. इनमें से दो हत्या करने के बाद मां के दर्शन करने वैष्णों देवी चले गए थे. वहां से लौटते समय मुख्य आरोपी को अपने किये पर पछतावा हुआ तो कोई जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली. वह अचेत हालत में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर तीन पर मिला जिसे बाद में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उसके पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें उसने जिंदगी से निराश होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है.

दरअसल उसने काफी ऊंची ब्याज दर पर सीमा सुरक्षा बल के पूर्व जवान लायक राम से कर्ज ले रखा था. वह कर्ज लौटा नहीं पा रहा था. कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने अपनी फैक्टरी में काम करने वाले दो लोगों के साथ मिलकर लायक राम की हत्या कर दी. पुलिस ने पकडे़ गए आरोपी की निशानदेही पर लायक राम का सिर, उसके कपडे़ व वारदात में इस्तेमाल टेम्पो बरामद कर लिया है. हालांकि अभी आला-कत्ल बरामद नहीं हो सका है. पुलिस तीसरे आरोपी को तलाश रही है.

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त विवेक किशोर ने बताया 25 जून की सुबह झंडेवालान सेंट्रल पार्क के नजदीक मिले सिरकटे शव की शिनाख्त सीमा सुरक्षा बल के पूर्व जवान लायक राम के रूप में हुई थी. इस बाबत पहाड़गंज थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था.

पहाड़गंज क्षेत्र के एसीपी राजा राम, पहाड़गंज थानाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह, एसआई के.पी. सिंह आदि की टीम केस की जांच कर रही थी. मृतक की कमीज पर 'डिसेंट टेलर धर्मपुरा" का टैग लगा मिला था. पुलिस ने धर्मपुरा नजफगढ़ इलाके में घर-घर जाकर शव की शिनाख्त का प्रयास किया तो 27 जून को मृतक की पत्नी व उसके भाई ने उसकी पहचान बीएसएफ से सेवानिवृत्त लायक राम (45) के रूप में की.

पुलिस को मालूम हुआ कि लायक राम ब्याज पर रुपये देता है. उसने अगर नगर क्षेत्र निवासी पवन मित्तल उर्फ बिट्टू को भी कर्ज दे रखा था. पुलिस को पवन मित्तल घर पर नहीं मिला. पता चला कि पवन मित्तल, उसका ड्राइवर रूपचंद व एक अन्य कर्मचारी शत्रुघन फरार है. पुलिस ने लायक राम के बैंक अकाउंट की डिटेल खंगाली तो मालूम हुआ उसके खातों से 63 हजार व 40 हजार रुपये एटीएम से निकाले गए थे.

पुलिस ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाल कर पवन मित्तल की फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारियों को दिखायी. कर्मचारियों ने शत्रुघन को पहचान लिया. पुलिस को 30 जून को सूचना मिली कि रूपचंद मुंडका इलाके में आने वाला है. पुलिस ने रूपचंद को दबोच लिया. इसने पूछताछ के दौरान पवन मित्तल व शत्रुघन के साथ मिल लायक राम पहलवान की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.

उसने पुलिस को बताया कि लायक राम की हत्या करने के बाद वह पवन मित्तल के साथ 27 जून को वैष्णो देवी चला गया था. बृहस्पतिवार तड़के ये पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले थे कि उससे कुछ देर पहले ही पवन मित्तल ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद रेलवे पुलिस से सम्पर्क करने पर मालूम हुआ कि प्लेटफार्म नम्बर तीन पर अचेत हालत में एक व्यक्ति मिला था, जिसकी कोई जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. वह पवन मित्तल ही था. उसके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था.

पुलिस ने रूपचंद की निशानदेही पर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी कंझावला के पास एक नाले से लायक राम का सिर व उसके कपडे़ बरामद कर लिये हैं. साजिश के तहत 24 जून की सुबह सवा नौ बजे रूपचंद पवन मित्तल के साथ नांगलोई गया. वहां उन्हें लायकराम मिल गया. इसके बाद तीनों पवन मित्तल की फैक्टरी आ गए. फैक्टरी में पवन ने नशीला पदार्थ मिला बनाना शेक उसे पिला दिया.

बाद में चाकू से वार कर उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी. पवन ने लायक राम के एटीएम कार्ड निकाल लिये. मोतिया खान व पहाडगंज के एटीएम से शत्रुघन ने लायक राम के खाते से रकम निकाली थी. हत्या के बाद तीनों ने लायक राम का धड़ झंडेवालान इलाके में फेंक दिया गया. पवन मित्तल ने ड्राइवर रूपचंद व कर्मचारी शत्रुघन को बड़ी रकम देने का वायदा किया था.

Posted by गजेन्द्र सिंह at 8:41 pm.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने सीएजी विनोद राय की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राय राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण सीएजी की रिपोर्ट लीक कर रहे हैं। रविवार को इंदौर में उन्होंने ये बात कही।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि क्षेत्रीय फिल्मों को सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस वजह से वो ऐसी फिल्मों में काम के बदले पैसा नहीं लेते। अमिताभ इन दिनों 'गंगा देवी' भोजपुरी फिल्म में काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 353 रनों पर सिमटी।

रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंचे।

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh