लखनऊ: पूर्व सीएमओ शुक्ला गिरफ्तार
6:52 pm
लखनऊ: लखनऊ की जेल में संदिग्ध हालात में मृत अवस्था में मिले उप मुख्य चिकित्साधिकारी वाई एस सचान के साथ वित्तीय अनियमितताओं के मामले में नामजद रहे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए. के. शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में तीन महीने पहले नामजद हुए शुक्ला को सुबह लखनऊ के ट्रामा सेंटर से गिरफ्तार किया गया। वह खराब स्वास्थ्य के चलते यहां पर इलाज करा रहे थे।
लखनऊ के पुलिस उप-महानिरीक्षक डी. के. ठाकुर ने यहां संवाददाताओं को बताया कि सरकारी धन की हेरा-फेरी के आरोप में गत् सात अप्रैल को नामजद किए गए शुक्ला के खिलाफ विवेचना की गई, जिसमें वित्तीय अनिमितताओं के सबूत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
दो सीएमओ और एक डिप्टी सीएमओ की हत्या से क्या शुक्ला का कोई संबंध है, इस पर ठाकुर ने कहा कि मैं अभी यह साफ करना चाहता हूं कि शुक्ला को फिलहाल केवल वित्तीय अनिमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हमारे पास फिलहाल उनके खिलाफ कोई ऐसा सबूत नहीं जिससे यह साबित हो कि उनका संबंध तीनों हत्याओं से है। ठाकुर ने कहा कि शुक्ला को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।लखनऊ के पूर्व सीएमओ एवं वर्तमान में संयुक्त निदेशक [स्वास्थ्य] शुक्ला कुछ समय के लिए सचान के वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

