नई दिल्ली : निगरानी क्षमता बढ़ाएगी दूरसंचार कंपनियां
राजनीति 6:31 pm
नई दिल्ली, आंखो देखी संवाददाता : मंगलवार को एक नया नोटिस जारी करते हुए दूरसंचार विभाग ने दूरसंचार कंपनियों को टेलीफोन वार्ताओं पर निगरानी की अपनी मौजूदा क्षमता बढ़ाने और कम से कम 480 लाइनों पर किसी भी समय फोन काल टैपिंग सुविधा सुरक्षा एजेंसियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दूरसंचार विभाग ने नोटिस में कहा है कि लाइसेंसधारकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आवश्यकता के मुताबिक, किसी भी समय 480 लाइनों की फोन वार्ताओं पर निर्बाध निगरानी के लिए पर्याप्त उपकरण लगाए जाएं।
दूरसंचार विभाग ने दूरसंचार कंपनियों को प्रत्येक सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन एजेंसी एक साथ कम से कम 30 काल की निगरानी की सुविधा सुलभ करने की व्यवस्था करने को कहा है।
इस समय, नौ निर्धारित सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों को यह सुविधा उपलब्ध है। दूरसंचार विभाग चाहता है कि प्रत्येक दूरसंचार सेवा क्षेत्र में दूरसंचार आपरेटरों के पास 3,000 फोन काल्स की निगरानी की क्षमता हो।
इससे पहले, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को केवल सात सुरक्षा एजेंसियों को 210 काल्स की निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया था।

