आईआईएमआई में प्रवेश के लिए नही करना पड़ेगा स्नातक डिग्री का इन्तजार
शिक्षा 6:56 pm
इंदौर, आँखों देखी संवाददाता : आईआईएम में दाखिले की चाह रखने वाले छात्रों को प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए स्नातक डिग्री हासिल करने तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नई पहल के तहत इंदौर के भारतीय प्रबंध संस्थान [आईआईएमआई] ने पांच साल का एकीकृत पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। प्रथम श्रेणी में 12वीं उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी प्रबंधन पाठ्यक्रम में प्रवेश के पात्र होंगे।
आईआईएमआई के सूत्रों ने बताया कि इंटीग्रेटेड पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन मैनेजमेंट को इसी साल से शुरू किये जाने की योजना है। सूत्रों ने बताया कि पांच वर्षीय आवासीय पाठ्यक्रम की पहली बैच में 120 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। अंतिम चयन अभिक्षमता परीक्षा [एप्टीट्यूड टेस्ट] और साक्षात्कार के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि प्रबंधन के एकीकृत पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए वे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे, जो 12 वीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए हों।

