मेरठ : मुंह से इंद्रधनुष की झलक दिखाएगा छात्र
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय 6:48 pm

सरधना , आँखों देखी संवाददाता : गोटका के किसान इंटर कालेज का छात्र प्रिंस ने मुंह से पानी का फव्वारा बनाकर उसमें इंद्रधनुष की झलक दिखाने का दावा किया है । उसका दावा कितना सच है, यह स्पष्ट होगा मंगलवार को। दरअसल, उसकी मांग पर एसडीएम ने उसे तहसील परिसर में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है।
किसान इंटर कालेज के कक्षा दस के छात्र प्रिंस भारती पुत्र जितेंद्र ने बताया कि वह एक मीटर की दूरी पर मुंह से पानी फेंक बने फव्वारे के बीच से इंद्रधनुष की झलक दिखा सकता है। उसका कहना है कि उसने यह उपलब्धि एक वर्ष की कड़ी मेहनत और लगन के बाद अर्जित की है। उसका कहना है कि बरसात के मौसम में कभी-कभी दिखाई देने वाले मनमोहक इंद्रधनुष की छटा वह प्रतिदिन दिखा सकता है। फिर चाहे मौसम कैसा भी हो। गांव में उसने अपना कारनामा बहुत लोगों को दिखाया है और अब वह एसडीएम सतीश पाल और तहसील अधिकारियों के समक्ष मंगलवार को तहसील में प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। एसडीएम ने उसे ऐसा करने भी इजाजत भी दे दी है। उसका कहना है कि आकाशीय बिजली का तड़तड़ाना व पृथ्वी से इंद्रधनुष को खंड़ित करने जैसे विषयों पर वह काम करना चाहता है।

