दिल्ली : यमुना में डूबने से युवक की मौत :
7:42 pm
आँखों देखी संवाददाता : तेज बहते पानी में फल पकड़ने की कोशिश में एक युवक यमुना में डूब गया। युवक की पहचान अनिल कुमार (22) के रूप में हुई है। बचाव दल की घंटों मशक्कत के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
मामला सोनिया विहार इलाके का है। अनिल कुमार सोनिया विहार की गली नंबर सात में रहता है। परिवार में उसके पिता गुरु प्रसाद और तीन भाई हैं। अनिल चांदनी चौक स्थित एक कपड़े की दुकान पर काम करता है। शुक्रवार तड़के अनिल घर के पास सोनिया विहार ढाई पुस्ता पर यमुना खादर में मार्निग वॉक करने गया था। इस दौरान यमुना नदी हरियाणा से पानी छोड़े जाने के चलते पूरे उफान पर थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो तेज बह रहे पानी में कुछ फल तैरते हुए जा रहे थे। फलों को देख अनिल भी कपड़े उतरकर पानी में चला गया। अभी वह फल पकड़ने का प्रयास कर ही रहा था कि पानी के तेज बहाव में वह डूब गया। मौके पर स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की चार गाड़ियां, बोट क्लब के कर्मचारी, गोताखोर व अन्य बचाव दल पहुंचे। घंटों मशक्कत के बाद भी बचाव दल अनिल को पानी में नहीं तलाश कर पाया है। बचाव दल की मानें तो आशंका है कि पानी की रफ्तार तेज होने के चलते अनिल पानी में बह गया होगा या फिर वह गहरे पानी में नीचे डूब गया है। वहीं, अनिल के परिजनों ने बचाव दल पर देर से आने व जांच अभियान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार जब तक अनिल का शव बरामद नहीं होता उसे मृत घोषित नहीं किया जा सकता है। मामला दर्ज कर आगे की जांच की रही है।

