ऊधमपुर: हादसे में नौ अमरनाथ यात्री घायल
आध्यात्म 5:35 pm
ऊधमपुर: अमरनाथ यात्रा में शामिल होने कश्मीर आए झारखंड, पश्चिम बंगाल और पंजाब के नौ लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। रैंबल थाना क्षेत्र में काली माता मंदिर के पास मंगलवार सुबह टाटा सूमो और टाटा विंगर में टक्कर में सूमो चालक और आठ यात्री घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए ऊधमपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में सात झारखंड, एक पश्चिम बंगाल और एक अमृतसर [पंजाब] का है। घायलों में असीम टिर्की, बिमल नायक, देबाशीष घोष, राजेश कुमार सिंह, रविशंकर कुमार, लाल गोपाल, सुभाष चटर्जी, सुब्रत ज्योतिष और अमृतसर निवासी सूमो चालक लखविंद्र सिंह हैं। मंगलवार को जम्मू के आधार शिविर से 3,025 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना हो गया।
चार धाम यात्रा सुचारु हुई
उत्तराखंड में गत एक पखवाड़े से जारी भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के बाद सड़क पर आए मलबे को सोमवार रात तक साफ कर लिया गया। उसके बाद मंगलवार को गढ़वाल मंडल में स्थित चारधाम यात्रा मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया गया। राज्य में मंगलवार को मौसम साफ रहने से यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ की यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों को सुकून मिला।

