गुड़गांव : होटल में युवती के साथ रेप
5:37 pm
गुड़गांव फोन से रांग नंबर डायल करना एक युवती को काफी महंगा पड़ गया। आरोपी युवक ने उसे नौकरी देने का झांसा देकर सोमवार दोपहर नरसिंहपुर स्थित एक निजी होटल में बुला लिया। उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब युवती को होश आया, तो उसने इस बात की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार के दिन आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गांव कादीपुर निवासी एक युवती के फोन से गलती से कासन गांव निवासी सुरेंद्र के फोन पर मिस कॉल लग गई। हालांकि, दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे। जब सुरेंद्र ने उस नंबर पर फोन किया, तो युवती ने बता दिया की फोन गलती से लग गया था। बातों-बातों में युवती ने उसे बता दिया कि वह नौकरी की तलाश में है। दरअसल, वह किसी परिचित को नौकरी देने के लिए ही फोन लगा रही थी। सुरेंद्र ने युवती को बताया कि वह रिको कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने बॉस से बात कर उसकी भी वहां नौकरी लगवा देगा। सोमवार को सुरेंद्र ने युवती को नरसिंहपुर सर्विस लेन स्थित एक निजी होटल में इंटरव्यू के बहाने बुलाया। युवती को होटल के कमरे में ले जाकर आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला कर पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब कुछ देर बाद युवती को होश आया, तो उसने पुलिस को अपने साथ हुए हादसे की जानकारी दी। सदर थाना पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच करा उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार के दिन पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। इलाका मजिस्ट्रेट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।

