कलमाडी डिमेंशिया(मनोभ्रंश) नामक बीमारी से पीड़ित
राजनीति 7:15 pm
सूत्रों के मुताबिक कलमाडी हाल ही में स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में गए थे.
वहां उनका एक एमआरआई किया गया तो ये बात सामने आई कि उनको डिमेंशिया(मनोभ्रंश) नामक बीमारी है. मनोभ्रंश एक ऐसी बीमारी है जिसमें व्यक्ति की याददाश्त क्षीण या कम होने लगती है.
सूत्रों के मुताबिक लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ने इस बात की पुष्टि की है कि पुणे के सांसद कलमाडी उस बीमारी से ग्रसित हैं जिसमें व्यक्ति की याददाश्त कम या क्षीण होने लगती है.
कहा जा रहा है कि इस बीमारी के कारण कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले में जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
इससे पहले 16 जुलाई को दिल्ली की एक अदालत ने कलमाडी को जेल चिकित्सा अधीक्षक की सलाह पर एक मस्तिष्क का एमआरआई स्कैन करवाने के लिए कहा था.
विशेष सीबीआई न्यायाधीश तलबंत सिंह ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को निर्देश दिया था कि 66 वर्षीय कलमाडी का एमआरआई स्कैन एक सरकारी अस्पताल में करवाया जाए और 21 जुलाई तक अदालत में इस एमआरआई की रिपोर्ट फाइल की जाए.
अदालत ने यह भी कहा था कि मामले में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में एमआरआई स्कैन नहीं किया जाता है, तो जेल अधीक्षक इसके लिए कलमाडी को एम्स लेकर जाएं.
अदालत ने कलमाडी के लिए एक निजी अस्पताल में स्कैन कराए जाने की दलील से इनकार कर दिया.
कलमाडी को इससे पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्होंने चक्कर आने की शिकायत की थी.--

