लखनऊ : जेल के बाहर बुना गया सचान की मौत का ताना बाना
7:43 pm
लखनऊ,आँखों देखी संवाददाता : डिप्टी सीएमओ सचान की मौत का ताना बाना जेल परिसर के बाहर ही बुना गया था। घटना से पहले एक मकान में जश्न भी मनाया गया था। इसमें कुछ वर्दीधारियों के अलावा लक्जरी गाड़ी से आए तीन शख्स भी शरीक हुए थे। इस मामले में पुलिस अफसरों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग के एक पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी पर भी टिकी हैं जो जेल अस्पताल में काफी समय तक तैनात रहे हैं।
राजधानी के हाईप्रोफाइल डबल मर्डर केस के मुख्य आरोपी डॉ.सचान की मौत की न्यायिक जांच होने के साथ ही पुलिस भी हर पहलू पर गुपचुप नजर रख रही है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस की निगाह उन तीन लोगों पर भी है जो 22 जून को एक लक्जरी गाड़ी में सवार होकर जेल परिसर में आए थे। ये लोग जेल के भीतर नहीं गए बल्कि परिसर में बने एक आवास में चले गए थे। वहां इन लोगों ने जश्न मनाया उसके बाद दोपहर से पहले ही वापस चले गए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि जेल में हुई सचान की रहस्यमय मौत के पीछे कहीं न कहीं 'खाकी' की संलिप्तता है।
इसके अलावा पुलिस की निगाहें उस स्वास्थ्य अधिकारी पर भी गड़ी हैं जो जेल अस्पताल में बीते वर्षो करीब तीन साल तक तैनात रहा है। बताया जा रहा है कि कई माफिया व बाहुबली से उसके रिश्ते हैं। उस अधिकारी के मोबाइल फोन से कुछ जानकारियां मिली हैं।
जांच रिपोर्ट से तय होगी तफ्तीश की दिशा
जेल में डॉ.सचान की रहस्यमय मौत के मामले में पुलिस की तफ्तीश की दिशा न्यायिक जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही तय होगी। पुलिस ने डॉ.सचान की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या व षडयंत्र रचने का मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन तफ्तीश न्यायिक जांच पूरी होने के बाद ही शुरू होगी। एक अफसर का कहना है कि इस प्रक्रिया में लंबा समय भी लग सकता है
