सरेआम युवक की हत्या, देखते रहे लोग
6:30 pm
कोयंबटूर। यहां एक दिल दहला देने वाली घटना में चार लोगों ने मिल कर दिन-दहाड़े सड़क पर एक युवक, संतोष कुमार [28] को पीट-पीट कर मार डाला। पूरी घटना ट्रैफिक सिग्नल पर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई और आश्चर्य यह कि युवक को लोग पिटते देखते रहे। किसी ने मारने वालों को रोकने की कोशिश नहीं की। मामला रविवार का है।
वीडियो में दिखाया गया है कि दो युवक सड़क पर चले जा रहे हैं कि तभी एक मोटर साइकिल आकर उनसे भिड़ जाती है। उसका संतुलन बिगड़ता है और सवार तथा उसके पीछे बैठा व्यक्ति गिर जाते हैं। इसके बाद सड़क पर पैदल चल रहे युवक गाड़ी के सवार को पीटने लगते हैं। इसी बीच दो और लोग आकर सवार की पिटाई करने लगते हैं। उनमें से एक युवक चाकू निकाल कर मार देता है और दूसरा सवार के सिर पर पत्थर बड़ा-सा पटक देता है। सवार के जिस्म में कोई हरकत न होने के बावजूद चारों उसे पीटते रहते हैं और उसके सिर पर पत्थर पटकते हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी लोग मूक बने सबकुछ देखते रहे। पुलिस ने सोमवार को युवक की हत्या के जुर्म में चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि ये सभी वारदात के वक्त शराब पीए हुए थे। कोयंबटूर के डीसीपी एस. निजामुद्दीन ने कहा, लोगों को हत्यारों को रोकना चाहिए था। यह वाकई बहुत दुखद है कि कोई भी उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया।'

