फारबिसगंज पीड़ितों को हरसंभव मदद: राहुल


फारबिसगंज,आनखो देखी न्यूज़ : बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज औद्योगिक क्षेत्र में बीते तीन जून को गोलीकांड में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने भजनपुर गांव पहुंचे कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने उन्हें शुक्रवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

नई दिल्ली से विमान से पूर्णिया के वायुसेना हवाईअड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से फारबिसगंज के भजनपुर गांव पूर्वाह्न 11.45 बजे पहुंचे अमेठी सांसद ने पुलिस की गोलीबारी में मारे गए 25 वर्षीय युवक मुस्तफा, 22 वर्षीय मुख्तार, 35 वर्षीया बीबी जासमीन और 10 माह के नौशाद के परिजनों से मुलाकात कर उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली।

एसपीजी की कड़ी सुरक्षा में यहां पहुंचे कांग्रेस के युवा नेता ने गोलीबारी में घायल रइस अंसारी की मां फुलिया खातून से कहा कि वह उसके बेटे के दिल्ली के एम्स में बेहतर इलाज की जल्द व्यवस्था करेंगे। गांधी ने पीड़ितों को पार्टी की ओर से हर संभव मदद और मुआवजा देने का आश्वासन दिया।

वह उस निर्माणाधीन स्टार्च फैक्टरी के परिसर को भी देखने गए जहां ग्रामीणों के रास्ते को चहारदीवारी के भीतर लाने को लेकर झड़प के बाद तीन जून को गोलीबारी हुई थी। सवा एक बजे राहुल गांधी नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मीडियाकर्मियों को उनसे बात नहीं करने दिया गया। गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर सहित कई नेता उपस्थित थे।

गोलीबारी में चार अल्पसंख्यकों की मौत ने सियासती रंग ले लिया था। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ नीतीश सरकार की आलोचना की थी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर ने कहा कि युवा नेता ने पीड़ितों की तकलीफ सुनकर उनके जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया है। पार्टी की ओर से हरसंभव मदद देने की बात की है।

गोलीबारी के बाद विपक्षी दल राजद, लोजपा और कांग्रेस ने अपने अपने शिष्टमंडल को भजनपुर गांव भेजकर वहां वस्तुस्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद राजद और लोजपा के एक शिष्टमंडल ने राज्यपाल देवानंद कुंवर को ज्ञापन सौंपकर इस विषय में हस्तक्षेप करने की मांग की थी।

वहीं, कांग्रेस ने घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान घटना के संबंध में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्लाह और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष केजी बालकृष्णन से भी मिलकर ज्ञापन सौंप चुके हैं।

हबीबुल्लाह ने स्वयं फारिबसगंज जाकर घटना के बारे में जानकारी ली थी। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताया था। नागरिक समाज संगठन अनहद की ओर से शबनम हाशमी और फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने भी गोलीकांड के पीड़ितों से मुलाकात की थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सिफारिश के बाद हाई कोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश इस कांड की जांच कर रहे हैं। लोजपा ने इस मुद्दे को संसद के आगामी मानसून सत्र में और राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के समक्ष उठाने की बात कही है। विपक्षी दलों ने एक समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर दोषियों को दंडित करने की मांग की है।

बहरहाल, अमेठी सांसद के भजनपुर दौरे के लिए आलोचना करते हुए उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उन्हें भागलपुर जाना चाहिए जहां कांग्रेस के शासन में पूर्व में दंगे हुए थे। उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को कहीं भी जाने की स्वतंत्रता है।

Posted by गजेन्द्र सिंह at 4:40 pm.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने सीएजी विनोद राय की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राय राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण सीएजी की रिपोर्ट लीक कर रहे हैं। रविवार को इंदौर में उन्होंने ये बात कही।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि क्षेत्रीय फिल्मों को सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस वजह से वो ऐसी फिल्मों में काम के बदले पैसा नहीं लेते। अमिताभ इन दिनों 'गंगा देवी' भोजपुरी फिल्म में काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 353 रनों पर सिमटी।

रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंचे।

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh