26/11 के आरोपी पाकिस्तान में स्वछंद घूम रहे हैं : भाजपा
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 4:35 pm
केंद्र सरकार पर देश को आतंकवादी हमलों से बचाए रखने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि 26/11 के मुम्बई हमले के भारत की ओर से तमाम सबूत सौंपे जाने के बावजूद इसे अंजाम देने वाले पाकिस्तान में स्वछंद घूम रहे हैं.
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भारत ने 26/11 के तमाम सबूत पाकिस्तान को सौंपे हैं लेकिन इसके बावजूद आरोपी पाकिस्तान में स्वछंद घूम रहे हैं."उन्होंने कहा, "आतंकवादी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार ने कई उपायों की घोषणा की. यहां तक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का गठन तक किया गया है लेकिन आतंकवाद से सम्बंधित एक भी मामले की जांच पूरी नहीं हो सकी और एक भी आतंकवादी गिरफ्तार नहीं किया जा सका."
जावडेकर ने आरोप लगाया कि एक तरफ पाकिस्तान आतंकवादियों को शरण दे रहा है तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी को शांतिप्रिय बता रहे हैं. "यह बकवास है."
उन्होंने कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान को जो सबूत सौंपे गए थे उन्हें पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने अपर्याप्त करार दिया था जबकि भारत की ओर से इसका कड़ा विरोध भी नहीं हुआ. पाक को सौंपे गए सबूतों को अब सार्वजनिक कर दिया जाना चाहिए.

