भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की ठोस शुरुआत
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें 12:03 pm
सलामी बल्लेबाज एड्रियन बराथ (नाबाद 37) और क्रेग ब्राथवेट (नाबाद 35) ने बल्लेबाजी के लिए आसान दिख रहे विकेट पर संयम से काम लिया. बराथ ने अभी तक 76 गेंद का सामना करके छह चौके लगाये हैं जबकि ब्राथवेट ने 105 गेंद खेलकर चार बार गेंद सीमा रेखा पार भेजी है.
भारत ने अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे तेज गेंदबाज वरुण आरोन सहित अपने सभी प्रमुख गेंदबाजों को आजमाया लेकिन किसी को भी सफलता नहीं मिली. आरोन को उमेश यादव के स्थान पर टीम में लिया गया है जिन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में नौ विकेट लिए थे.
वेस्टइंडीज अपने अनुभवी बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपाल के बिना खेल रहा है जो दूसरे टेस्ट मैच में चोटिल हो गए थे.बराथ ने पारी के दूसरे और आरोन के पहले ओवर में चौका जड़कर लगभग 2000 दर्शकों के सामने वेस्टइंडीज का खाता खोला. इसके बाद इशांत शर्मा की गेंद भी ब्राथवेट के बल्ले का किनारा लेकर सीमा रेखा पार गई.
लेकिन धीमी आउटफील्ड और भारतीयों की कसी हुई गेंदबाजी के कारण अगले चार ओवर मेडन रहे. बराथ ने आरोन की गेंद को लांग लेग पर चार रन के लिए भेजकर आत्मविश्वास जगाया.
लगभग 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे आरोन ने दो अवसरों पर बराथ को बाहर जाती गेंदों पर छकाया.भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और प्रज्ञान ओझा भी अब तक असरदार नहीं रहे.
बराथ ने इस बीच अश्विन के एक ओवर में ढीली गेंदों पर दो चौके भी जमाए.
