महिला हॉकी: भारत ने आस्ट्रेलिया को हराया, कांस्य पदक जीता


नेहा गोयल शुक्रवार को जर्मनी खिलाड़ियों से गेंद छीनने की कोशिश करते हुए
नेहा गोयल जर्मनी खिलाड़ियों से गेंद छीनने की कोशिश करते हुए (फाइल फोटो)

भारत ने आस्ट्रेलिया को हराकर लाल बहादुर शास्त्री अंडर 21 महिला हाकी टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता.

अनुपा बारला के दो गोल की मदद से भारत ने आस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया. भारत ने चार देशों के लाल बहादुर शास्त्री अंडर 21 महिला हाकी टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किया.

जर्मनी से हारने के बाद शुक्रवार को खिताब की दौड़ से बाहर हुई भारतीय टीम ने शनिवार को बेहतरीन खेल दिखाया. उसके लिए बारला ने 42वें और 65वें मिनट में दो गोल किए जबकि कप्तान पूनम रानी ने 37वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर पहला गोल दागा.

आस्ट्रेलिया के लिए पहला गोल पेरिस ब्रूक ने 32वें मिनट में किया जबकि केट गिलमोर ने 40वें मिनट में दूसरा गोल दागा.

पहले हाफ में मुकाबला बराबरी का रहा. दोनों टीमों ने शुरूआती क्षणों में गोल करने के कई मौके गंवाये. आस्ट्रेलिया को पहले हाफ में तीन पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने गोल नहीं होने दिया. ब्रूक ने हालांकि 32वें मिनट में भारतीय डिफेंस को भेदकर गोल करने में कामयाबी पाई.

गोल गंवाने से स्तब्ध भारतीयों ने जवाबी हमले बोले जिसका फायदा 33वें मिनट में पहले पेनल्टी कार्नर के रूप में मिला हालांकि इसे गोल में तब्दील नहीं किया जा सका.

अगले ही मिनट भारत को एक और पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन कप्तान पूनम के शाट पर नवजोत कौर गोल करने में नाकाम रही.

दूसरे हाफ में भारत ने आक्रामक शुरूआत की और दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कार्नर पाया. मोनिका मलिक के पुश पर पूनम ने इसे गोल में बदलने में कोई चूक नहीं की.

पूनम की अगुवाई में भारतीय मिडफील्डरों ने आज बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई शानदार मूव बनाये. वहीं डिफेंडरों ने भी आस्ट्रेलिया की दमदार टीम को बांधे रखा. भारत और आस्ट्रेलिया के बीच लीग चरण का मैच गोलरहित ड्रा रहा था.

आस्ट्रेलिया ने 40वें मिनट में फिर बढ़त बना ली और यह गोल उसे मिले चौथे पेनल्टी कार्नर पर गिलमोर ने किया.

भारत ने हालांकि दो मिनट बाद ही फिर बराबरी का गोल दागा. टूर्नामेंट की खोज रही स्ट्राइकर नेहा गोयल के पास पर बारला ने बेहतरीन रिवर्स फ्लिक पर इसे गोल में बदला. आस्ट्रेलिया ने इसके बाद फिर जवाबी प्रहार तेज किये लेकिन 45वें और 46वें मिनट में उसे मिले दो पेनल्टी कार्नर नाकाम रहे.

भारत को 48वें मिनट में गोल करने का सबसे आसान मौका मिला. बायें फ्लैंक से पूनम ने गेंद पर नियंत्रण बनाते हुए गोल के सामने बारला को पास दिया लेकिन उसका शाट गोल से टकराकर बाहर निकल गया.

भारत को अगले ही मिनट चौथा पेनल्टी कार्नर मिला जिस पर जसप्रीत कौर गोल नहीं कर सकी. भारत के लिए निर्णायक गोल 65वें मिनट में बारला ने किया. बायें ओर से उसका शाट सीधे गोल के भीतर समा गया.

आखिरी सीटी बजने से दो मिनट पहले भारत को पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन मोनिका इसे गोल में नहीं बदल सकी.

भारतीय कोच बी के सुब्रमानी ने जीत पर संतोष जताते हुए कहा, ‘हमने वह गलतियां नहीं दोहराई जो शुक्रवार को की थी. सभी विभाग में हम आस्ट्रेलिया पर भारी रहे और मौके नहीं गंवाये.’

Posted by रवि चौहान at 4:03 pm.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने सीएजी विनोद राय की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राय राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण सीएजी की रिपोर्ट लीक कर रहे हैं। रविवार को इंदौर में उन्होंने ये बात कही।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि क्षेत्रीय फिल्मों को सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस वजह से वो ऐसी फिल्मों में काम के बदले पैसा नहीं लेते। अमिताभ इन दिनों 'गंगा देवी' भोजपुरी फिल्म में काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 353 रनों पर सिमटी।

रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंचे।

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh