भवरी की सीडी दिखाने पर दो टीवी चैनलों को नोटिस
क्षेत्रीय, ताजा खबरें, राजस्थान 12:20 pm
नई दिल्ली। सरकार ने टेलीविजन चैनलों पर उस सीडी के प्रसारण को गंभीरता से लिया है जिसमें नर्स भंवरी देवी और राजस्थान के पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को आपत्तिजनक अवस्था में दिखाया गया है। सरकार ने इस सिलसिले में दो समाचार चैनलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में दो चैनलों को नोटिस भेज दिया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इसका फिर से प्रसारण न करें। इन दोनों चैनलों पर ऐसी सामग्री दिखाने का आरोप है जो शालीनता और गरिमा के खिलाफ है।
दोनों चैनलों को आगामी 14 नवंबर को शाम चार बजे तक कारण बताओ नोटिस का जवाब देने को कहा गया है कि क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अगर वे चाहते हैं तो 14 नवंबर को शाम चार बजे अंतरमंत्रालयी समिति के समक्ष अपना मामला रख सकते हैं।
सूत्रों ने कल रात बताया, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संज्ञान में यह आया है कि दो टेलीविजन चैनलों ने कथित तौर पर भवरी देवी से संबंधित कार्यक्रम दिखाया है। कारण बताओ नोटिस कार्यक्रम संहिता की धारा 6[1] ए, 6[1] बी, 6[1] ओ और 6 [5] का उल्लंघन करने के लिए जारी किया गया है।
मंत्रालय ने दोनों चैनलों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल कार्यक्रम का प्रसारण रोक दें। उसने उन्हें इस बात का भी जवाब देने को कहा है कि कार्यक्रम संहिता के उपरोक्त प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

