प्रमोद महाजन के कार्यकाल तक पंहुची स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 3:55 pm
इससे कहा जा सकता है कि टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच की आंच अब राजग और प्रमोद महाजन तक पहुंच गई है।
इसी सिलसिले में दूरसंचार कंपनी वोडाफोन के मुंबई कार्यालय, एयरटेल के गुड़गांव कार्यालय और पूर्व दूरसंचार सचिव श्यामल घोष व बीएसएनएल के पूर्व निदेशक के घरों पर सीबीआई ने छापा मारा।
केंद्रीय जांच ब्यूरो [सीबीआई] ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन [राजग] सरकार के दौरान तत्कालीन केंद्रीय दूरसंचार मंत्री प्रमोद महाजन के कार्यकाल में निजी दूरसंचार कंपनियों को हुए अतिरिक्त स्पेक्ट्रम आवंटन के संबंध में शनिवार को मामला दर्ज किया।
सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, एजेंसी ने राजग शासन के दौरान हुए अतिरिक्त स्पेक्ट्रम आवंटन में आज एक मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने कहा, सीबीआई ने मुंबई स्थित वोडाफोन कार्यालय, गुड़गांव स्थित एयरटेल कार्यालय तथा श्यामल घोष और जे.आर. गुप्ता के आवासों पर छापे भी मारे हैं। भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन 2001-2003 के बीच केंद्रीय दूरसंचार मंत्री थे।
जे.आर. गुप्ता उस समय केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय में उपमहानिदेशक थे और श्यामल घोष केंद्रीय दूरसंचार सचिव थे। इसके पहले सीबीआई ने 2001-2007 के बीच हुए अतिरिक्त स्पेक्ट्रम आवंटन के संबंध में एक प्राथमिक जांच की थी।

