कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करने के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालु
अन्य राज्य, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ताजा खबरें, राष्ट्रीय 10:35 am
गुरुवार सुबह से ही हरि की नगरी हरिद्वार, ऋषिकेश, प्रयागराज इलाहाबाद, वाराणसी, चित्रकूट और गढ़मुक्तेश्वर में गंगा के घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है.
कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से गंगा में स्नान करने से भक्तों के सभी पाप कट जाते हैं. साथ ही कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान के बाद गरीबों के बीच अन्न, वस्त्र, पैसा आदि दान करने से महापुण्य की प्राप्ति होती है.
वाराणसी और इलाहाबाद में गंगा के तट पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. वाराणसी में हर तरफ हर-हर गंगे तो इलाहाबाद में भी त्रिवेणी के तट पर गंगा की जय-जयकार है.
गंगा और संगम के घाटों पर बड़ा मेला लगा हुआ है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से ही नदियों के घाटों पर डेरा जमाए हैं.
धर्मनगरी हरिद्वार में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. यहां कार्तिक पूर्णिमा पर देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु पवित्र गंगा में डुबकी लगा रहे हैं.
हालांकि हरिद्वार में गायत्री महाकुंभ में हुए हादसे को देखते हुए पुलिस प्रशासन बेहद चौकस है.
पुष्कर में भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही सरोवर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा हुआ है. श्रद्धालु सरोवर में डुबकी लगा रहे हैं और अपने परिवार की सुख-शांति की कामना कर रहे हैं.
माना जाता है कि आज के दिन स्नान करने से ब्रह्मदेव प्रसन्न होते हैं, जिससे जीवन में खुशहाली आती है.
ब्रह्मा के मंदिर में श्रद्धालु दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से स्नान करवाते हैं. इसके अलावा पूजा, अर्चना कर लोग पुरोहितों को दान पुण्य भी कर रहे हैं.
इसके अलावा पुरी और बिहार के सिमरिया में भी श्रद्धालु गंगा के तट पर पवित्र स्नान कर रहे हैं.
इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

