पिता ने की दो बेटों की गोली मारकर हत्या
अन्य राज्य, ताजा खबरें, राष्ट्रीय 5:20 pm
इंदौर। एक सनसनीखेज घटनाक्रम में 48 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार तड़के इंदौर में अपने दो जवान बेटों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक मानसिक रोग के शिकार आरोपी की अपनी पत्नी और बेटी की हत्या के बाद खुदकुशी करने की योजना भी थी। लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सदर बाजार क्षेत्र के मराठी मोहल्ले में मुमताजुद्दीन [48] ने अपने बेटों मोहम्मद इकबाल [27] और मोहम्मद बिलाल [20] पर उस वक्त 12 बोर की दुनाली बंदूक से गोली दागी जब वे नींद के आगोश में थे।
उन्होंने बताया कि मुमताजुद्दीन ने अपने बेटों को सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी के बाद आरोपी को परिजन और पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लायसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली है।
शहर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि हमें मामले की शुरूआती जाच में पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका दिमागी इलाज भी चल रहा है। चौहान ने आरोपी से पूछताछ के हवाले से बताया कि उसके सिर पर खून सवार था और वह अपने बेटों के दोहरे हत्याकांड के बाद पत्नी और बेटी की भी जान लेना चाहता था। इसके बाद आरोपी खुद को गोली मार लेना चाहता था।
उन्होंने बताया कि हत्यारोपी पहले बंदूकों की एक दुकान में काम करता था। पुलिस दोहरे हत्याकांड की विस्तृत जाच कर रही है और यह पता लगा रही है कि इसकी जड़ में कोई पारिवारिक विवाद तो नहीं है।

