कश्मीर के मंत्री अली मोहम्मद सागर पर आतंकवादी हमला
अन्य राज्य, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 1:44 am
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के नवाकदल क्षेत्र में आज रात राज्य के मंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के नेता अली मोहम्मद सागर उस समय बाल-बाल बच गए जब आतंकवादियों ने उनके काफिले पर उस समय हमला कर दिया जब वह अपने पैतृक आवास में प्रवेश कर रहे थे.
इस हमले में सागर की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए.
नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल सागर के पास ग्रामीण विकास एवं कानून मंत्रालय का प्रभार है. इस हमले में उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ. हालांकि इस हमले में उनकी सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी तथा एक नागरिक घायल हो गया.
हाल के वर्षों में यह ऐसी पहली घटना में जिसमें आतंकवादियों ने शहर के पुराने नवाकदल इलाके में एक राजनीतिक व्यक्ति को निशाना बनाया है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आतंकवादियों ने सागर पर यह हमला उस समय किया जब वह नवाकदल क्षेत्र में नवाब बाजार स्थित अपने पैतृक आवास में प्रवेश कर रहे थे. यह घटना रात करीब सवा आठ बजे हुई.
अधिकारी ने बताया कि हमले में घायल गुलजार अहमद ने बाद में दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक घायल हो गया.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हमले के दौरान सागर ने किसी तरह से वहां से रेंगकर अपनी जान बचाई. अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
सम्पर्क किए जाने पर सागर ने कहा, ‘अल्लाह का शुक्र है कि मैं सुरक्षित हूं. हालांकि यह बहुत दुख की बात है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मेरे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई.’
सागर श्रीनगर के खानयार क्षेत्र से विधायक हैं और वह लंबे समय से आतंकवादियों के निशाने पर थे.
राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और गृह राज्य मंत्री नासिर सोगामी ने इस घटना की निंदा करते हुए मामले की जल्द जांच सुनिश्चित करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
विपक्षी पीपुल्स डेमोकेटिक पार्टी (पीडीपी) ने कहा कि यह जानकर राहत महसूस हुई कि मंत्री सुरक्षित हैं. पीडीपी के प्रवक्ता नईम अख्तर ने कहा, ‘हम हमले में मारे गए सुरक्षाकर्मी के परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हैं.’
