नक्सलियों ने पुलिस के वाहन को बारूदी सुरंग विस्फोट से उडाया, 13 की मौत
ताजा खबरें, राष्ट्रीय 10:52 am
इसमें कुछ अधिकारियों सहित 13 पुलिसकर्मियों के मारे जाने की खबर है.
राज्य के पुलिस महानिदेशक जी एस रथ ने बताया, ‘‘यह हमला शनिवार को करीब 12 बजे गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के जंगल में हुआ.
नक्सलियों ने पुलिस के बारूदी सुरंग रोधी वाहन को उड़ा दिया. इसमें 13 पुलिसकर्मी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए.’’
इस हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों में कुछ अधिकारी भी शामिल हैं.
सभी जवानों के हथियार नक्सली लूट कर ले गए. थानेदार रामबलि चौधरी को लापता बताया जा रहा है.
इस काफिले में जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, जिला परिषद सदस्य हीरवंती देवी और भंडरिया के बीडीओ वासुदेव महतो बाल-बाल बच गए.
शुरू में बीडीओ के भी मौत की खबर आ रही थी, जो गलत साबित हुई.
विस्फोट की सूचना पाकर जिले के डीसी व एसपी समेत भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए हैं.
नक्सलियों ने वारदात के समय जिला परिषद की अध्यक्ष सुषमा मेहता को अंगरक्षकों संग बंधक भी बना लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया.

