खाद्य महंगाई दर 3.36 फीसदी से घटकर 2.9 फीसदी पर
ताजा खबरें, व्यापार 6:27 pm
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह सब्जियों और खासकर प्याज की कीमतों में कमी दर्ज की गई. सप्ताह में खाद्य महंगाई -2.9 फीसदी रही. पिछले सप्ताह यह -3.36 फीसदी थी, जो पिछले छह साल में पहली बार नकारात्मक रही थी.
ताजा नकारात्मक दर में पिछले सप्ताह की ऊंची दर और मौसमी आपूर्ति ने महत्वपूर्ण योगदान किया. पिछले साल की समान अवधि में महंगाई दर 20 फीसदी के आसपास थी.
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सब्जियों की कीमत पिछले साल के मुकाबले लगभग आधी देखी गई.
वार्षिक महंगाई दर में 20.12 फीसदी योगदान करने वाले प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में आलोच्य अवधि में 0.51 फीसदी महंगाई दर्ज की गई.
इसी अवधि में ईंधन और बिजली में 14.45 फीसदी महंगाई दर्ज की गई, जो पिछले सप्ताह 14.6 फीसदी थी.
अर्थशास्त्रियों के मुताबिक खाद्य महंगाई दर में ताजा गिरावट और वार्षिक महंगाई दर के दबाव में आई कमी के कारण भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य दरों में कटौती करने पर विचार कर सकता है और खाद्य महंगाई दर मार्च तक शून्य के आसपास बनी रहने की सम्भावना है.
खाद्य महंगाई दर में गिरावट के असर से वार्षिक महंगाई दर में भी गिरावट का अनुमान लगाया जा रहा है, जो नवम्बर माह में 9.11 फीसदी दर्ज की गई है.
खाद्य सूचकांक के तहत आने वाली कुछ प्रमुख वस्तुओं के मूल्यों में पिछले एक साल में आया उतार चढ़ाव इस प्रकार है :
प्याज : (-) 74.77 फीसदी
सब्जी : (-) 49.03 फीसदी
फल : 9 फीसदी
आलू : (-) 31.97 फीसदी
अंडा, मांस, मछली : 15.22 फीसदी
अनाज : 2.03 फीसदी
चावल : 1.7 फीसदी
गेहूं : (-) 3.35 फीसदी
दाल : 14.72 फीसदी

