मंगू सिंह ने संभाली दिल्ली मेट्रो की कमान
एन सी आर, ताजा खबरें, राष्ट्रीय 10:41 am
श्रीधरन ने पिछले सोलह साल में राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली मेट्रो शुरू करवाने और चारों ओर उसका नेटवर्क फैलाने में केन्द्रीय भूमिका निभायी है.
कोंकण रेलवे परियोजना के शिल्पी 79 वर्षीय श्रीधरन 1995 में दिल्ली मेट्रो से जुड़े थे और सोलह साल तक दिल्ली मेट्रो को अपनी सेवा देने के बाद आज वह सेवानिवृत हो गए. उनके उत्तराधिकारी ने राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के निर्माण के दौरान उनके साथ बेहद करीब से काम किया है.
‘मेट्रो मैन’ नाम से लोकप्रिय श्रीधरन आज शाम चेन्नई से यहां पहुंचे और मेट्रो भवन में एक संक्षिप्त कार्यक्रम में उन्होंने 56 वर्षीय सिंह को अपना प्रभार सौंपा. सिंह फिलहाल उच्च गति वाले एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस मार्ग का देखभाल कर रहे थे.
वर्ष 1953 में भारतीय रेलवे से जुड़ने वाले श्रीधरन को रामेरम में 1963 में बाढ़ में बह गए पामबान पुल को केवल 46 दिनों के अंदर बहाल करने का भी श्रेय है. सरकारी सेवा में करीब 58 साल तक रहने के बाद वह सेवानिवृत हो रहे हैं.
सिंह भारतीय रेलवे इंजीनियर सेवा के 1981 बैच के अधिकारी हैं. उन्होंने श्रीधरन के साथ कोलकाता मेट्रो परियोजना एवं दिल्ली मेट्रो में काम किया है.

