"बिग बी" से तुलना को ठीक नहीं मानते हैं रितिक रोशन
ताजा खबरें, मनोरंजन 10:13 am
अमिताभ बच्चन की बेहतरीन अदाकारी वाली फिल्मों में शुमार फिल्म अग्निपथ के विजय दीनानाथ चौहान को एक बार फिर इसी नाम से बनी फिल्म में पर्दे पर साकार करने वाले रितिक रौशन का कहना है कि फिल्म के आधार पर अमिताभ बच्चन के साथ उनकी तुलना ठीक नहीं है.
रितिक ने एक मुलाकात में कहा, वर्ष 1990 में आयी इस फिल्म के रिमेक में मेरे किरदार का स्टाइल और व्यक्तित्व एकदम अलग है. ‘‘आप जिस क्षण विजय के रूप में मुझे देखेंगे, तुलना का ख्याल ही दिमाग से निकल जाएगा. लोग विजय दीनानाथ चौहान को देखने आएंगे, लेकिन जब वह मुझे देखेंगे तो उन्हें जरूर लगेगा कि यह विजय जैसा नहीं है, इसमें विजय जैसी कोई बात नहीं है, इसमें कुछ भी खास नहीं है न स्टाइल, न वैसी चाल और न ही वैसी आवाज.’’
रितिक कहते हैं, ‘‘यह विजय एक आम आदमी है यह विजय दीनानाथ चौहान नहीं है. लोगों को यह बात अपने दिमाग में रखकर यह फिल्म देखनी होगी.’’
वैसे अमिताभ के साथ तुलना से रितिक भयभीत नहीं हैं क्योंकि भूमिका को उन्होंने अपने एक खास अंदाज के साथ निभाया है.
रितिक का कहना है, ‘‘शूटिंग के दौरान अगर मेरे दिमाग में तुलना की बात होती तो मैं चिंतित होता, लेकिन मैंने इस भूमिका को अपने ढंग से निभाया है और यह मानकर निभाया है कि मेरे जैसा दुनिया में और कोई नहीं है. इसलिए आपका अलग अंदाज आपको बाकी सबसे अलग करता है.’’
अमिताभ बच्चन, डैनी डेंजोगप्पा और मिथुन चक्र वर्ती की बेहतरीन अदाकारी वाली अग्निपथ बॉक्स आफिस पर औंधे मुंह गिर पड़ी थी.
रितिक कहते हैं, ‘‘ अग्निपथ जब प्रदर्शित हुई थी तो मैंने इसे दो बार देखा था. यह मेरे दिलो दिमाग पर छपी हुई है क्योंकि फिल्म बहुत जबर्दस्त थी. हाल फिलहाल मैंने यह फिल्म नहीं देखी क्योंकि दोनो फिल्मों की कहानी एकदम अलग है इसलिए मुझे पुरानी फिल्म को दोबारा देखने की जरूरत महसूस नहीं हुई.’’
करन मल्होत्रा द्वारा निर्देशित अग्निपथ 26 जनवरी को सिनेमा घरों में प्रदर्शित होने वाली है.

