जीप खाई में गिरने से नौ मरे, दो घायल
उत्तराखंड, ताजा खबरें 8:18 pm
यह हादसा पिथौरागढ़ जिले के रणगांव के पास सोमवार को उस समय हुआ जब एक मैक्स जीप एक भारी पत्थर की चपेट में आने के बाद सड़क किनारे खाई में गिर गयी.
पिथौरागढ़ के पुलिस उपाधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने इस घटना में छह महिलायें और तीन पुरुषों के मरने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि जीप में सवार हो 11 लोग पिथौरागढ़ से एक चुनावी कार्यक्रम में डीडीहाट जा रहे थे तभी रणगांव के पास ऊपर पहाड़ी से एक बड़ी पत्थर आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से जीप सड़क किनारे खाई में जा गिरी.
श्रीवास्तव ने बताया कि दो महिलाओं को जिन्दा बचा लिया गया, जबकि नौ व्यक्तियों के शव बरामद कर लिये गये हैं.
उन्होंने कहा कि मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है. हालांकि सभी स्थानीय निवासी थे. मृतकों की शिनाख्त के लिये क्षेत्र में सूचना करा दी गयी है.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गये थे. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है.

