उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रुक-रुककर बारिश, सर्दी का असर बढ़ा
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 11:56 am
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से सर्दी का असर बढ़ गया है.मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश के आसार व्यक्त किए हैं.
रविवार सुबह से घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही. फुहारें पड़ने से लोग घरों में दुबके रहे. बूंदाबांदी का सिलसिला शनिवार देर रात से शुरू हो गया था.
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि कम दबाव का क्षेत्र बनने और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है.
उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश की सम्भावना है, जिसके चलते सर्दी का असर बढ़ेगा. रविवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

