भंवरी मामले में मुख्य संदिग्ध बिशनराम बिश्नोई महाराष्ट्र में गिरफ्तार
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 9:50 am
राजस्थान की नर्स भंवरी देवी मामले में पुणे पुलिस को बुधवार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी. सीबीआई के साथ संयुक्त अभियान में पुलिस ने मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे मुख्य संदिग्ध बिशनराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया.
पुणे के पुलिस आयुक्त मीरन बोरवांकर ने कहा कि सूचना मिलने पर अपराध शाखा के अधिकारियों ने मंगलवार रात पुणे और उसके आसपास इलाकों में छापेमारी की. बुधवार सुबह अधिकारी लोनावाला गए और वहां कई स्थानों पर छापे मारे इसके बाद उन्होंने बिशनराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया.
बिशनराम पर संदेह है कि वह उस गिरोह का सरगना है जिसने लापता नर्स के शव को ठिकाने लगाया. बिशनराम को बाद में न्यायालय में पेश किया गया. बिशनराम पर पांच लाख रुपये का इनाम था.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि न्यायालय ने बिश्नोई को दो दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है. इस दौरान सीबीआई के अधिकारी पूछताछ के लिए उसे राजस्थान ले जाएंगे.
इसके पहले सीबीआई ने मामले में एक अन्य आरोपी कैलाश जाखड़ को गिरफ्तार किया. माना जा रहा है कि जिस जीप से भंवरी देवी का शव ले जाया गया और साक्ष्य मिटाए गए, गिरफ्तार व्यक्ति उसका मालिक है.भंवरी देवी मामला
भंवरी देवी पिछले साल 1 सितंबर से लापता थी. 11 अक्टूबर से राजस्थान सरकार के कहने पर सीबीआई ने जांच शुरू की थी.
भंवरी देवी के पति ने कहा कि उसकी 37 वर्षीय पत्नी जालीवाड़ा पीपाड़ में एएनएम के पद पर कार्यरत थी. उसने अपने इच्छित स्थान पर तबादला करवाने के लिए मदेरणा से संपर्क किया.
इस पर मदेरणा ने उसका स्थानांतरण तो करवा दिया गया, लेकिन इसके बाद फोन कर भंवरी को किसी न किसी बहाने बुलाने लगे.
इसी दौरान उन्होंने षड़यंत्रपूर्वक भंवरी की आपत्तिजनक सीडी तैयार करवाई और ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके अलावा मदेरणा ने उसे अपने साथियों के साथ संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया.
सूत्रों के अनुसार भंवरी देवी ने अपनी कार जल संसाधन विभाग के एक ठेकेदार सोहनलाल विश्नोई को बेची थी. एक सितंबर को वह विश्नोई से कार की रकम लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वह नहीं लौटी.
जोधपुर के सरकारी अस्पताल में नर्स और वीडियो एलबम अभिनेत्री भंवरी देवी की जोधपुर पुलिस तलाश कर रही थी.
भंवरी देवी के पति का आरोप था कि उसे सरकार के एक कैबिनेट मंत्री ने गायब कराया था. भंवरी देवी के पति अमरचंद ने सोहनलाल के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था.
पुलिस ने सोहनलाल को गिरफ्तार भी कर लिया, लेकिन भंवरी देवी के पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को राजस्थान के कैबिनेट मंत्री महिपाल मदेरणा ने कहीं गायब करवा दिया है.
बताया जाता है कि भंवरी देवी के गायब होने के पीछे एक सीडी है, जिसमें भंवरी देवी और कैबिनेट मंत्री की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें हैं.

