प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यात्रा के मद्देनजर भुवनेश्वर में सुरक्षा बढ़ी
ताजा खबरें, राष्ट्रीय 11:39 am
सिंह सोमवार शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे. सिंह राज्यपाल एम.सी. भंडारे के आधिकारिक आवास राजभवन में रात गुजारेंगे.
वह मंगलवार को यहां केआईआईटी विश्वविद्यालय परिसर में 99वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस (आईएससी) का उद्घाटन करेंगे.वह दिल्ली रवाना होने से पहले यहां कांग्रेस कार्यालय भी जा सकते हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक सभी आवश्यक बंदोबस्त कर लिए गए हैं. उन्होंने आईएएनएस को बताया, "हमने पुलिस अधिकारियों की कई बैठकें की हैं. सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को सुरक्षा अभ्यास भी किया गया."
तीन से सात जनवरी तक आयोजित होने वाली विज्ञान कांग्रेस का विषय 'समग्र नवाचार के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी-महिलाओं की भूमिका' है. इसमें 500 विदेशी वैज्ञानिकों व कई नोबेल पुरस्कार विजेताओं सहित 15,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है.
केआईआईटी व नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (एनआईएसईआर) संयुक्त रूप से यह आयोजन कर रहे हैं.

