समाजवादी पार्टी में शामिल बागी बिगाड सकते है राजनीतिक खेल
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय, ताजा खबरें, राजनीति 11:05 am
भाजपा या कांग्रेस से बगावत कर समाजवादी पार्टी में शामिल उम्मीदवार कइयों का राजनीतिक खेल बिगाड़ सकते हैं. इसके अलावा कुछ सीटों पर सपा त्रिकोणीय मुकाबले में भी है. प्रचार के दौरान करीब एक दर्जन से अधिक सीटों पर सपा प्रत्याशियों की साइकिल जिस तरह रफ्तार पकड़ रही है उसे देखते हुए कांग्रेस को नुकसान हो सकता है.
गौरतलब है कि सपा ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में इस बार 128 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं. दर्जनभर ऐसे प्रत्याशी हैं जो भाजपा या कांग्रेस से बगावत कर सपा में शामिल हुए और पूरे दमखम से चुनाव लड़ रहे हैं. वार्ड नंबर 202 मीठापुर से कांग्रेस के बागी आत्माराम पंचाल सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
पंचाल को कांग्रेस ने वर्ष 2007 में इसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा था. वे 3739 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार महेश अवाना यहां से विजयी रहे. इस बार कांग्रेस ने पंचाल का टिकट काटकर हेमचंद गोयल को दिया है.
एनसीपी छोड़ महेश अवाना जनता दल यू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. रविंद्र नागर भाजपा, धर्मवीर अवाना एनसीपी और गोविंद राम अवाना बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. रमेश अवाना राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. मीठापुर वार्ड से पांच गुर्जर प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.
वार्ड नंबर 206 ओखला से इशरत बेगम सपा की उम्मीदवार हैं. इलाके में इशरत के शौहर कामरेड अमीरुद्दीन की छवि समाजसेवी की है. वे भी यहां से चुनाव लड़ते रहे, लेकिन इस बार महिला सीट होने से पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा है. मुस्लिम बहुल इलाके में सपा उम्मीदवार इशरत बेगम का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार समीना बेगम से है.
वार्ड नंबर 180 दक्षिणपुरी से कांग्रेस की बागी बबिता सपा की उम्मीदवार हैं. कांग्रेस ने इस सीट से मशहूर क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की बहन अंजू मेहरावल को चुनाव मैदान में उतारा है. सपा उम्मीदवार बबिता ने यहां त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है. वार्ड नंबर 108 ख्याल से सपा उम्मीदवार बबिता चंदीला ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी चंदीला के सामने मुश्किल पैदा कर दी है.
मीनाक्षी चंदीला स्थानीय कांग्रेस विधायक दयानंद चंदीला की बहू हैं. दो पट्टीदारों के बीच लड़ाई का फायदा भाजपा को मिलता नजर आ रहा है. वार्ड नंबर 250 जाफराबाद से भाजपा के बागी भगवती प्रसाद सैनी ने सपा से ताल ठोंक दिया है. सैनी कई सालों तक भाजपा के ब्लाक अध्यक्ष रहे हैं. इलाके में रसूख की वजह से सैनी भी दमदारी से चुनाव लड़ रहे हैं.
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार वार्ड नंबर 39 सुल्तानपुर माजरा, वार्ड नंबर 252 मौजपुर, वार्ड नंबर 255 घौंडा और 207 मदनपुर खादर के अलावा यमुनापार इलाके के कुछ और सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं. पिछली बार समाजवादी पार्टी ने निगम चुनाव में 49 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था.

