मवाना : बहनोई को गोली मारकर साला फरार
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय 8:43 pm
मवाना , आँखों देखी संवाददाता : गांव सठला में एक युवक अपने बहनोई को गोली मारकर फरार हो गया। घटना का कारण रुपये का विवाद बताया गया है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव सठला निवासी खुर्शीद पुत्र उमर खेती कर परिवार का गुजारा करता है। उसके छोटे भाई आफाक का रिश्ता गांव में की तय हुआ। बुधवार को उसकी बारात जानी थी। घर के सभी लोग शादी के काम में व्यस्त थे। खुर्शीद की बेटी अमरीन ने बताया कि उसके पिता के 50 हजार रुपये मामा दिलशाद पर उधार थे। मामा दिल्ली में प्रोपर्टी डीलर का काम करता है। रुपये को लेकर जीजा-साले के बीच तनातनी चल रही थी।
मंगलवार को वह घर पर अपनी बहनों के साथ थी। मामा दो लोगों के साथ घर पर आया और उसके पिता के साथ गाली गलौच करने लगा। उसके बाद मामा जान से मारने की धमकी देकर चला गया। कुछ देर बाद उसके पिता छोटी बहन सना को दुकान पर खाने की चीज दिलाने ले गए। उसी दौरान रास्ते में मामा ने उसके पिता पर गोली चला दी। गोली दिल के पास जा लगी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल खुर्शीद को जिला अस्पताल भर्ती कराया। अमरीन के मुताबिक, उसकेमामा दिलशाद के साथ दो लोग व तीन महिलाएं भी थीं। उसने बताया कि हमलावर कमरे में शादी के लिए रखे 85 हजार रुपये लूट कर ले गए। अमरीन ने अपनी मां पर दिलशाद का साथ देने का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी है। थाना पुलिस घटना का कारण रुपये का लेन-देन बता रही है।
शादी की खुशियों को लगा ग्रहण
पुत्र की शादी से एक दिन पहले पिता को गोली लगने पर घर की खुशियां को ग्रहण लग गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। शादी की तैयारियों में लगे परिजन घायल खुर्शीद को लेकर चिंतित हैं।

