इंचौली : पूरी हुई फिटकरी मेले की तैयारियां
उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय 8:53 pm
इंचौली , आँखों देखी संवाददाता : फिटकरी में लगने वाले प्राचीन कंठी माता मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य मेला 2 जून का रहेगा। गौरतलब है कि आसपास ही नहीं, बल्कि दूसरे प्रदेशों के भी लाखों श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष मेले में आते हैं। मेले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कर लिए गए हैं।
लगभग ढाई सौ वर्ष से लगातार फिटकरी के जंगल में एक किलोमीटर के दायरे में लगने वाले कंठी माता मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य भवन पर रंगाई-पुताई, मंदिर तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत आदि हो चुकी है। ठेकेदार वीरेन्द्र गुर्जर ने बताया कि मेले में दुकानदारों को स्थान आवंटित करने शुरू कर दिए गए हैं। बड़े झूले, काला जादू, मौत का कुआं आदि खेल दिखाने वालों ने अपना डेरा डाल दिया है।
पिछले वर्ष मेले में लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए थे। इसी को ध्यान में रख इस वर्ष मंदिर समिति ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर सिविल पुलिस और एक कंपनी पीएसी तैनात करने की मांग की है। मंदिर समिति के उप प्रधान गोपाल गुप्ता व विनीत गुर्जर ने बताया कि पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले में स्व. गंगाशरण तथा स्व. सुरजा सिंह मैमोरियल दो नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं।
2 जून को मंदिर स्थल पर ही हवन-भंडारा और मेले का उद्घाटन होगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं स्वच्छ पेयजल और छिड़काव सहित साफ रास्ता मिलेगा। पानी की अन्य जरूरतों के लिए मंदिर भवन के बाहर ही पंपिंग सेट लगाया जा रहा है।
भक्तों के सब कष्ट हर लेती है मां
प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ माह के रोहणी नक्षत्र में वट अमावस्या के ठीक अगले दिन यह मेला ग्राम फिटकरी के जंगल में लगता है। 1 जून से 3 जून तक तीन दिन चलने वाले मेले में माता की मूर्तियों के दर्शन 2 जून को होंगे। इसी दिन मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश के आवास में स्थित पूजा घर से माता कंठी, मां लालता, मां भद्रकाली व मां महामाई की मूर्तियों को शोभायात्रा के माध्यम से लाकर श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए मंदिर में स्थापित किया जाएगा। 3 जून की दोपहर फिर मूर्तियों को शोभायात्रा के माध्यम से ही वापस पुजारी आवास पहुंचाया जाएगा। इस मेले के बारे में मान्यता है कि मां सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें पूरी करती है। मेले में आने वाले भक्तों के सब कष्ट मां हर लेती है और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करती है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु चुनरी व प्रसाद चढ़ाते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल करेंगे उद्घाटन
कंठी माता मेले का उद्घाटन 2 जून को मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल करेंगे। मेला स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में मेला समिति के गोपाल गुप्ता व डा. जयपाल सिंह ने बताया कि नीरज अग्रवाल (एमडी), जिला पंचायत सदस्य भारतवीर गुर्जर की पत्नी संतरेश, जिला पंचायत सदस्य ब्रजवीर की पत्नी पूनम, जिला पंचायत सदस्य धीरज पहाड़पुरिया की पत्नी अनिता तथा पंकज जैन व राजीव जैन विशिष्ट अतिथि होंगे।

