दिल्ली : नंद नगरी में कम्युनिटी सेंटर में आग, 14 की मौत 50 घायल
एन सी आर, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 9:25 pm
नन्दनगरी स्थित एक कम्युनिटी सेंटर में रविवार को किन्नरों के एक समारोह के लिए लगे पंडाल में अचानक आग लगने से 14 लोग जिंदा जल गए जबकि 50 लोग झुलस गए. इनमें कइयों की हालत नाजुक है. घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की है. उस वक्त किन्नरों का सम्मेलन चल रहा था.
सम्मेलन में भाग लेने को करीब पांच हजार किन्नर जुटे थे. सूचना मिलने पर पहुंची दर्जनभर से अधिक दमकलें आग बुझाने में जुट गई. झुलसे किन्नरों को जीटीबी और एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर ब्लास्ट बताया जाता है. किन्नरों का कहना है कि पुलिस- प्रशासन मुस्तैद होता तो इस बड़े पैमाने पर लोगों की जान नहीं गई होती.
किन्नर एसोसिएशन की अध्यक्ष सोनिया डे का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने मदद नहीं की. अस्पताल में भी अव्यवस्था की स्थिति है. उधर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. एके वालिया ने 12 लोगों के मरने की पुष्टि करते हुए घटना की जांच कराने की बात कही है. कम्युनिटी सेंटर में लगी भीषण आग के चलते एहतियात के तौर पर नन्द नगरी इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई.
पुलिस के अनुसार सामुदायिक केंद्र के रसोई घर में आग लगी और देखते ही देखते वह पूरे भवन में फैल गई. सरकारी अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन ने मरने वालों की संख्या 14 बताई है. पुलिस के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. एक वरिष्ठ दमकल अधिकारी के मुताबिक आयोजकों ने दिल्ली अग्निशमन सेवा से कार्यक्रम की कोई अनुमति नहीं ली थी.
इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या आयोजन स्थल में बाहर सुरक्षित निकलने की व्यवस्था समेत आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे अथवा नहीं. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में आग बुझाने वाले उपकरण और आपातकालीन निकास द्वार तथा सुरक्षित बाहर निकलने वाले मार्गों का स्पष्ट विवरण जरूरी है.
पांच साल में एक बार होने वाला किन्नरों का यह समागम पहले गाजियाबाद में होना था, बाद में यह नंदनगरी में किया गया. नन्दनगरी स्थित कम्युनिटी सेंटर में किन्नर समाज के समारोह के लिए लगे पंडाल में समारोह शुरू होने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक आग लग गई. आग ने थोड़ी ही देर में पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया.
समारोह में मौजूद तकरीबन 50 लोग इस आग में बुरी तरह से झुलस गये. आग में झुलस कर 14 लोगों की मौत हो गई. कम्युनिटी सेंटर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि कम्युनिटी सेंटर में किन्नर समाज की ओर से रविवार को होने वाले समारोह के लिए तीन दिनों से तैयारियां चल रही थीं.
कम्युनिटी सेंटर की ओर जाने वाली सड़क संकरी होने के कारण फायर टेंडर को आग बुझाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा. कम्युनिटी सेंटर की ओर जाने व आने के लिए एक ही मार्ग है जिसकी वजह से फायर टेंडर व राहत कार्य चलाने में काफी मुश्क्किलों का सामना करना पड़ा. आग की लपटें कई मीटर ऊपर उठ रही थीं.
जानकारी के मुतबिक समारोह में शिरकत के लिए दूर-दराज से किन्नर आये थे. आग लगने की यह घटना अपने पीछे कई सवालों को छोड़ गई है. बताया जा रहा है कि इस समारोह में हजारों की संख्या में किन्नर मौजूद थे. झुलसे किन्नरों को उपचार के लिए जीटीबी व एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

