कांग्रेस पार्टी जम्मू काश्मीर में चाहती है अपना मुख्यमंत्री !
अन्य राज्य, क्षेत्रीय, ताजा खबरें 4:41 pm
कांग्रेस पार्टी राज्य में अपना मुख्यमंत्री चाहती है.
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज के नेतृत्व में पार्टी के एक धड़े ने रैलियों आदि के माध्यम से इस मुद्दे को उठाना शुरू कर दिया है.
यहां आयोजित एक रैली में पार्टी की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष मंगत राम शर्मा ने कहा, ‘उमर अब्दुल्ला ने राज्य में मुख्यमंत्री के तौर पर तीन साल पूरे कर लिए हैं. अब कांग्रेस का मुख्यमंत्री होना चाहिए.’
उत्तरी कश्मीर के संग्रामा में आयोजित एक रैली में पार्टी की युवा इकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शोएब लोन ने सोज को राज्य का अगला मुख्यमंत्री घोषित करते हुए यहां तक कहा था कि सोज ही वह नेता हैं जो जम्मू एवं कश्मीर की किस्मत बदल सकते हैं.
इस पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर सोज ने कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है.’ उन्होंने केवल यह कहा कि इस बारे में पार्टी हाईकमान को निर्णय लेना है.
जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में उमर पांच जनवरी को तीन साल पूरे करेंगे. यहां विधानसभा का कार्यकाल छह साल का होता है.
इस बीच, नेशनल कांफ्रेंस ने कहा है कि उमर मुख्यमंत्री के रूप में पूरे छह साल का कार्यकाल पूरा करेंगे. राज्य के कानून एवं संसदीय मामलों के मंत्री अली मोहम्मद सागर ने कहा, ‘इस बारे में पार्टी का कांग्रेस हाईकमान से समझौता हुआ है और इसमें कोई परिवर्तन नहीं है.’
