उत्तर प्रदेश में भाजपा की पोल खुल गई है : जितिन प्रसाद
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय, janadesh 9:42 am
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले के आरोपी बाबू सिंह कुशवाहा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल किए जाने की कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की है और कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में भाजपा की प्रतिबद्धता की पोल खुल गई है.
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की पोल खुल गई है. भ्रष्टाचार के खिलाफ आडवाणी की यात्रा के बावजूद वह वोटों के लिए किसी का भी स्वागत कर सकती है. देश के सबसे ईमानदार राजनीतिक दल होने के उसके दावे की पोल खुल गई है.
कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी भ्रष्टाचार के खिलाफ यात्रा निकालते हैं और दूसरी ओर घोटाले में आरोपी पूर्व मंत्री को पार्टी में शामिल किया जाता है.
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आडवाणी यात्रा निकाल रहे हैं और लोकपाल के मुद्दे पर भाजपा राष्ट्रपति से मिलती है तो दूसरी तरफ भ्रष्ट लोगों को वह पार्टी में शामिल कर रही है. यह दर्शाता है कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को लेकर कितनी प्रतिबद्ध है.

